बरेली: 38 पुलों में शामिल नहीं हुआ उम्र पूरी कर चुका किला पुल
बरेली, अमृत विचार। राज्य सरकार ने राज्य योजना से जर्जर हो चुके बरेली मंडल के पांच पुल समेत कई जनपदों के 38 पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी है। आगणन के तहत बजट भी स्वीकृत कर लिया। राज्य सरकार ने जर्जर पुलों की मरम्मत के लिए आगणन के अनुसार 6730.72 लाख रुपये स्वीकृत कर इसके …
बरेली, अमृत विचार। राज्य सरकार ने राज्य योजना से जर्जर हो चुके बरेली मंडल के पांच पुल समेत कई जनपदों के 38 पुलों के निर्माण की स्वीकृति दी है। आगणन के तहत बजट भी स्वीकृत कर लिया। राज्य सरकार ने जर्जर पुलों की मरम्मत के लिए आगणन के अनुसार 6730.72 लाख रुपये स्वीकृत कर इसके सापेक्ष 1009.58 लाख रुपये आवंटित कर दिए लेकिन बरेली शहर के किला पुल को 38 पुलों की सूची में शामिल नहीं किया। करीब 43 साल पहले बने किला पुल को अनदेखा कर दिया। इससे पुल की हालत जर्जर होती जा रही है।
अगस्त, 2020 में पुल की तकनीकी जांच दिल्ली से आई टीम भी कर चुकी है। टीम ने किला पुल की उम्र पूरी होना बताते हुए सुरक्षा की दृष्टि से कई बिंदुओं पर पुल पर निर्माण कार्य कराए जाने की रिपोर्ट दी थी। इसके बाद सेतु निगम और लोक निर्माण विभाग ने किला पुल की मरम्मत के लिए आगणन तैयार कर शासन को रिपोर्ट भेजी। अगस्त, 2020 के बाद भेजी गई रिपोर्ट पर राज्य सरकार ने भी सुध नहीं ली। ऐसे में हर किसी के मन में किला पुल से गुजरने के दौरान डर बना रहता है।
किला पुल की रेलिंग भी क्षतिग्रस्त है। किला पुल वर्ष 1977 में जनता पार्टी की सरकार में बनाया गया था। तत्कालीन नगर विकास मंत्री सत्यप्रकाश अग्रवाल का पुल बनवाने में बड़ा योगदान था। वर्तमान में किला पुल की स्थिति ठीक नहीं है। दोनों ओर चढ़ते और उतरते वक्त चौपहिया और दोपहिया वाहन सवारों को झटके लगते हैं। पुल के एक्सपेंशन ज्वाइंट भी कमजोर हो गए हैं। सितंबर, 2020 में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता देवेश तिवारी ने किला पुल की मरम्मत के लिए आगणन तैयार कराकर शासन को भेजा था।
इधर, सेतु निगम के उप परियोजना प्रबंधक वीके सेन ने बताया कि पिछले साल दिल्ली की टीम ने पुल का तकनीकी मुआयना किया था। टीम के बताए बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए आगणन लोनिवि ने तैयार कराया। 38 पुलों की सूची में किला पुल शामिल न होने के मामले में वह कुछ नहीं कह सकते। सेतु निगम के हेडक्वार्टर से ही आगणन मंजूर कराए जाते हैं।
बरेली मंडल में इन पुलों के निर्माण के लिए स्वीकृति मिली
शाहजहांपुर में लिपुलेक भिंड राज्यमार्ग पर आरसीसी लघु सेतु के चौड़ीकरण के लिए 70.73 लाख रुपये की लागत स्वीकृत हुई है। 10.61 लाख रुपये आवंटित कर दिया। शाहजहांपुर में सथरापुर बमियाना संपर्क मार्ग के मध्य स्थित नाले पर बने सेतु के निर्माण के लिए 177.74 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। 26.66 लाख रुपये आवंटित कर दिए।
पीलीभीत में ग्राम अमखेड़ा से जारकल्लिया के मध्य अमेड़ी नदी पर बॉक्स कल्पट पहुंच मार्ग एवं अतिरिक्त पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 313.12 लाख रुपये स्वीकृत हुए। इसमें से 46.97 लाख रुपये जारी कर दिए गए। पीलीभीत में गांव मोहम्मदपुर रामपुर से सिमरा महीपत तक आरसीसी पुल व पहुंच मार्ग निर्माण के लिए 115.21 लाख रुपये स्वीकृत किए। 17.36 लाख रुपये जारी कर दिए।
बदायूं में काशीनगला से बन्ने नगला मार्ग पर लघु सेतु एवं पहुंच मार्ग निर्माण कराने के लिए 168.29 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। इसमें से 25.24 लाख रुपये जारी कर दिए।
