बरेली: मिलावट का अंदेशा, 7.39 लाख का सरसों तेल सीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। होली पर मिलावटखोरों ने दूषित सामग्री घर-घर पहुंचाने के सभी इंतजाम कर लिये हैं। सरसों का तेल, रंगीन कचरी, सब्जी मसाले समेत ऐसी कोई सामग्री नहीं जो मिलावटखोरों की नजरों से बची हो। एक माह से मिलावटी सामग्री दुकानों पर धड़ल्ले से बिक रही है। इसका खुलासा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन …

अमृत विचार, बरेली। होली पर मिलावटखोरों ने दूषित सामग्री घर-घर पहुंचाने के सभी इंतजाम कर लिये हैं। सरसों का तेल, रंगीन कचरी, सब्जी मसाले समेत ऐसी कोई सामग्री नहीं जो मिलावटखोरों की नजरों से बची हो। एक माह से मिलावटी सामग्री दुकानों पर धड़ल्ले से बिक रही है। इसका खुलासा खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की छापेमारी में हो रहा है।

मंगलवार को परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र की दो फैक्ट्रियों में छापेमारी कर करीब डेढ़ लाख रुपये की रंगीन कचरी सीज की गई थी। बुधवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने दो तेल कंपनियों पर छापा मारा। यहां भी बड़े स्तर का खेल पकड़ा गया है। टिनों पर निर्माण कंपनी का पूर्ण पता अंकित नहीं है। इससे माना जा रहा है कि तेल में मिलावट है, इसलिए निर्माण कंपनी का पूरा पता टिन पर नहीं लिखा गया है। टीम ने 7.39 लाख रुपये का तेल सीज किया है। दो नमूने भरे हैं।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने लगातार दूसरे दिन भी कई क्षेत्रों में छापेमारी की। क्षेत्रीय खाद्य सुरक्षा अधिकारी देवेश सिंह और वीरेंद्र कुमार एवं दिवाकर की संयुक्त टीम ने मैसर्स के नंदी रिफाइनरी प्राइवेट लिमिटेड, पैगानगरी मीरगंज के निर्माण यूनिट से कमला श्रेष्ठ शुद्ध कच्ची घानी के तेल का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया। मौके पर एक ही बैच के 250 टिन (प्रत्येक का वजन 15 किलोग्राम) मिले।

694653 रुपये कीमत का कुल 3748 किलोग्राम तेल सीज किया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिवाकर ने नंदी प्योर मस्टर्ड ऑयल एक लीटर बोतल का नमूना भरा। मौके पर 296 किलोग्राम तेल को सीज किया। जिसकी कीमत 44400 रुपये है। सीज किए गए टिनों पर निर्माण कंपनी का पूर्ण पता अंकित नहीं पाया गया। संपूर्ण कार्रवाई के नंदी रिफाइनरी लिमिटेड के वाइस प्रेसीडेंट अजीत गुप्ता की उपस्थिति में की गई। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।

संबंधित समाचार