बरेली: तमंचे के बल पर लूट ले गए सर्राफ की स्कूटी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। दुकान बंद करके लौट रहे सर्राफ की स्कूटी पर पीछे से आ रहे बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। इस पर सर्राफ ने विरोध किया तो आरोपी उनके साथ गाली-गलौच करने लगे। फिर तमंचा दिखाकर स्कूटी लूट ले गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत तो की लेकिन रात तक घटना की तहरीर …

बरेली, अमृत विचार। दुकान बंद करके लौट रहे सर्राफ की स्कूटी पर पीछे से आ रहे बाइक सवारों ने टक्कर मार दी। इस पर सर्राफ ने विरोध किया तो आरोपी उनके साथ गाली-गलौच करने लगे। फिर तमंचा दिखाकर स्कूटी लूट ले गए। पीड़ित ने पुलिस से शिकायत तो की लेकिन रात तक घटना की तहरीर उन्हें नहीं सौंपी थी। पुलिस रात तक मौके पर लगे सीसीटीवी खंगालती रही।

किला के नीम की चढ़ाई निवासी राजेंद्र रस्तोगी की हजियापुर में सर्राफ की दुकान है। वह शाम लगभग 7:30 बजे स्कूटी से घर लौट रहे थे। घर के पास ही पतली गली में पीछे से बाइक पर तीन लोग आ रहे थे। उनकी बाइक सर्राफ की स्कूटी से टकरा गई। इसके बाद बाइक पर बैठा एक लड़का नाले में गिर गया। तीनों लड़के सर्राफ के साथ गाली-गलौच कर झगड़ने लगे।

आधे घंटे तक दोनों पक्षों में बहस होती रही। इसके बाद लड़कों ने सर्राफ पर तमंचा ताना और उसकी स्कूटी लूटकर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर किला पुलिस मौके पर पहुंची और लुटेरों की तलाश में मौके पर लगे सीसीटीवी को चेक करती रही। हालांकि, रात तक पुलिस को लुटेरों का कोई सुराग नहीं लगा था। स्कूटी में एक पानी की बोतल और कुछ कागज थे। रात तक पीड़ित ने पुलिस को घटना की तहरीर नहीं सौंपी थी।

स्कूटी और बाइक टकराने पर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इसके बाद बाइक सवार लोग सर्राफ की स्कूटी लूटकर ले गए। मौके के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। -रोहित सिंह सजवाण, एसएसपी

संबंधित समाचार