पुलिस चौकी से महज 500 मीटर दूर दो दुकानों पर चोरों ने किया हाथ साफ, सामान लेकर हुए गायब
अमृत विचार, महाराजगंज। जनपद के घुघली कस्बे मे पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित दो दुकानों की छत में लगी टीन शेड को तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोर चुरा ले गए। घुघली कस्बे के वार्ड नंबर 9 में रेलवे ढाले समीप स्थित पवन जायसवाल की कपड़े की ईरा गारमेंट नाम …
अमृत विचार, महाराजगंज। जनपद के घुघली कस्बे मे पुलिस चौकी से महज 500 मीटर की दूरी पर स्थित दो दुकानों की छत में लगी टीन शेड को तोड़कर लाखों रुपये का सामान चोर चुरा ले गए। घुघली कस्बे के वार्ड नंबर 9 में रेलवे ढाले समीप स्थित पवन जायसवाल की कपड़े की ईरा गारमेंट नाम से दुकान है। वह रोज की भांति बुधवार की रात दुकान बंद करके घर चले गए। गुरुवार सुबह जब दुकान खोलने आए तो अंदर देखा की दुकान के छत में सेंध लगाकर अज्ञात चोर दुकान में घुसकर कीमती कपडे लेकर चंपत हो गए हैं यह सब देख वो भौचक्के रह गए।
दुकानदार के मुताबिक करीब एक लाख रुपये की चोरी की गई है। बता दें कि इसी दुकान के सटे पौहरिया निवासी बांकेलाल गुप्ता के फल की दुकान पर भी चोरों ने हाथ साफ कर दिया है। चोरों ने फल की दुकान का भी टीन शेड तोड़कर दुकान में रखे एक लैपटॉप व पांच हजार की नकदी पर हाथ साफ कर दिया।
दोनों दुकानदारों ने घुघली चौकी में तहरीर देकर चोरी का खुलासा करने की मांग की है। इस संदर्भ में घुघली के नवागत थानाध्यक्ष ने बताया कि चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए रात में पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी और जल्द ही इस चोरी की घटना का खुलासा कर चोरों को गिरफ्तार किया जाएगा।
