मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश सरकार के चार वर्ष पूरे, प्रभारी मंत्री ने किया विकास कार्यों की प्रदर्शनी का उद्घाटन
मुरादाबाद। राज्य सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर शुक्रवार को उत्सव मनाया गया। पंचायत भवन सभागार, जिगर मंच और दिल्ली रोड स्थित राही लान की सभा में सरकार के प्रयास बताए गए। प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने सरकार के प्रयासों को मीडिया से साझा किया। उन्होंने सूचना विभाग की विकास पुस्तिका …
मुरादाबाद। राज्य सरकार के 4 साल का कार्यकाल पूरा होने पर शुक्रवार को उत्सव मनाया गया। पंचायत भवन सभागार, जिगर मंच और दिल्ली रोड स्थित राही लान की सभा में सरकार के प्रयास बताए गए। प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने सरकार के प्रयासों को मीडिया से साझा किया। उन्होंने सूचना विभाग की विकास पुस्तिका का विमोचन किया। कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोगों ने कृषि प्रदर्शनी में योजनाओं को लेकर विशेषज्ञों से चर्चा की। सभा स्थल से कार्यकर्ता सरकार के कार्य की चर्चा करते हुए वापस लौटे।
प्रभारी मंत्री ने पंचायत परिसर में प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन किया। विभिन्न विभागों के स्टाल पर मिल रही सेवाओं की जानकारी ली। प्रदर्शनी में जसवीर सिंह निवासी दानसहाय की मिलक, तनवीर सिंह ज्ञानपुर, अकबर अली निवासी काकरखेड़ा तथा सूरजपाल (कुंदरकी) को कृषि विभाग की कस्टम हायरिंग योजना के तहत अनुदान पर मिले ट्रैक्टरों की चाबी सौंपी गई। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल दी गई। उप्र भवन एवं सन्निर्माण, कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत छात्राओं को साइकिल बांटी गई। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के गोद भराई कार्यक्रम में गर्भवतियों एवं किशोरियों को पोषण पोटली का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना में साइकिल विद आइस बाक्स दिया गया।
राही लान की सभा में कहा प्रभारी मंत्री ने कहा कि 200 करोड़ रुपये की लागत से यहां नमामि गंगे योजना के जोन-एक का सीवर कार्य हो रहा है। 143 करोड़ की लागत से अमृत योजना में सीवरेज एवं सेप्टेज प्रबन्धन कार्य प्रगति पर है। 88 करोड़ की लागत से सोनकपुर रेल ऊपरगामी सेतु कार्य निर्माणाधीन है। 37 करोड़ की लागत से मुरादाबाद-दिल्ली मार्ग पर लोको शेड रेल ऊपरगामी सेतु का कार्य निर्माणाधीन है। कहा कि जनपद में 132 करोड़ रुपये की लागत से 4 वर्षों में 50 सड़कों का निर्माण किया गया।
110.64 करोड़ की लागत की 12 सड़कें बन रही हैं। 62.73 करोड़ की लागत से 3 सेतु का निर्माण पूर्ण किया गया है। 169.47 करोड़ की लागत से 5 सेतु निर्माणाधीन हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि पेयजल परियोनाओं के अंतर्गत 49.10 करोड़ की लागत से विभिन्न विकास खंडों में 16 ग्राम पेयजल योजना का निर्माण, 61.54 करोड़ की लागत से 25 पेयजल परियोजनाएं निर्माणाधीन हैं।
6.74 करोड़ की लागत से नगर में पेयजल गृह संयोजन का कार्य हो रहा है। आवास योजना के तहत प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 10,763 आवासों का निर्माण कराया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत नगरीय विकास अभिकरण द्वारा 13410 आवासों का निर्माण किया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के अंतर्गत दुर्बल आय वर्ग के लिए 341.50 करोड़ की लागत से 4816 भवन ग्रुप हाउसिंग का कार्य निर्माणाधीन है।
अतिथि स्वागत में जिलाधिकारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि राज्य सरकार के 4 साल पूर्ण होने पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा विधानसभावार पुस्तिका का प्रकाशन किया गया है। समारोह में नगर विधायक रितेश गुप्ता, कांठ विधायक राजेश कुमार सिंह चुन्नू, विधान परिषद सदस्य डा. जयपाल सिंह व्यस्त, भाजपा महानगर अध्यक्ष धर्मेंद्रनाथ मिश्र, खादी ग्रामोद्योग बोर्ड के उपाध्यक्ष गोपाल अंजान, मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह, एसपी सिटी अमित आनंद, मुख्य विकास अधिकारी आनंद वर्धन सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
देश में यूपी की छवि सुधरी, सरकार ने रचा इतिहास
प्रदेश के जल शक्ति एवं जिले के प्रभारी मंत्री डा. महेंद्र सिंह ने कहा कि 4 साल में सरकार ने जो कीर्तिमान बनाए हैं, वह आजादी के बाद किसी दूसरे सरकार के लिए रिकार्ड है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की देश में छवि सुधरी है। आर्थिक विकास, ढ़ाचागत परिवर्तन और शांति-सुरक्षा में बेहतर प्रयास किए हैं।
कोरोना नियंत्रण में हमारे प्रयास की दुनिया भर में सराहना हुई है। सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में डा. सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने कई तरह का इतिहास रचा है। ओडीओपी में हमने प्रदेश के उत्पादों को बाजार दिया है। गन्ना उत्पादन में पिछले 4 साल से हम देश में सबसे आगे हैं। केवल ग्रामीण क्षेत्रों में 56,000 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का कीर्तिमान सरकार ने बनाया है। पांच एक्सप्रेस-वे के निर्माण का काम चल रहा है। सरकार ने एक्सप्रेस-वे के किनारे औद्योगिक क्षेत्र के विकास की योजना पर काम कर रही है। किसी जमाने में प्रदेश में केवल 12 मेडिकल कालेज थे, जो अब 33 हो गए।
उन्होंने कहा कि प्रदेश 17 एयरपोर्ट हैं, जिसमें 13 तैयार हो रहे हैं। 5 अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। जेवर, अयोध्या, वाराणसी, लखनऊ और कुशीनगर को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का दर्जा है। सरकार सड़क मार्ग, रेल मार्ग, हवाई मार्ग के साथ जल मार्ग पर केंद्रित है। वाराणसी से हल्दिया बंदरगाह तक पानी की जहाज चलाने की तैयारी है। राज्य में 1.80 करोड़ लोग रोजगार पाए हैं।
प्रभारी मंत्री ने पंचायत चुनाव में पार्टी के निशान पर उम्मीदवार उतारने की बात से पल्ला झाड़ लिया। कहा कि यह बात अधिकृत नहीं है। सरकार और संगठन में इस मुद्दे पर कोई अधिकृत बयान नहीं जारी किया। दावा किया कि भाजपा पंचायत चुनाव में शानदार प्रदर्शन करेगी। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्रकार वार्ता में इलेक्ट्रानिक चैनल के सदस्यों के साथ हुई घटना की निंदी की।
