बरेली: एक छात्रा के भविष्य के लिए विश्वविद्यालय करा रहा परीक्षा
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय ने बीकॉम फाइनेंस व फाइनेंसियल सर्विस की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया था। फाइनेंसियल सर्विस के तृतीय सेमेस्टर में जब कोई परीक्षा फार्म नहीं भरा गया तो विश्वविद्यालय ने परीक्षा न कराने का फैसला लिया लेकिन एक छात्रा …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की विषम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो चुकी हैं। विश्वविद्यालय ने बीकॉम फाइनेंस व फाइनेंसियल सर्विस की परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया था। फाइनेंसियल सर्विस के तृतीय सेमेस्टर में जब कोई परीक्षा फार्म नहीं भरा गया तो विश्वविद्यालय ने परीक्षा न कराने का फैसला लिया लेकिन एक छात्रा ने आवेदन कर दिया। इसकी वजह से अब छात्रा के भविष्य के चलते विश्वविद्यालय उसकी परीक्षाएं आयोजित करा रहा है। परीक्षा 20 मार्च से शुरू होगी।
विश्वविद्यालय से संबद्ध शाहजहांपुर के आर्य महिला महाविद्यालय की छात्रा संध्या बीकॉम फाइनेंसियल सर्विस की छात्रा है। दो साल पहले उसके परीक्षाफल में यूएफएम आ गया था। इसकी वजह से वह आगे की परीक्षा नहीं दे सकी। अब उसका यूएफएम सही हो गया है। विश्वविद्यालय ने विषम सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए परीक्षा फार्म भरवाना शुरू किया और परीक्षा का शेड्यूल भी जारी कर दिया। इसके तहत प्रथम, तृतीय और पंचम सेमेस्टर की परीक्षाएं 16 मार्च से शुरू होनी थीं।
जब विश्वविद्यालय ने पाया कि बीकॉम फाइनेंसियल सर्विस के तृतीय सेमेस्टर के लिए किसी भी छात्र ने परीक्षा फार्म नहीं भरा है तो फिर तृतीय सेमेस्टर की परीक्षा न कराने का फैसला लिया गया। अचानक छात्रा ने लेट फीस के साथ परीक्षा के लिए आवेदन कर दिया। नियम के तहत उसके पास परीक्षा देने का समय था। ऐसे में विश्वविद्यालय ने उसकी परीक्षा कराने के लिए फिर से शेड्यूल जारी किया। अब छात्रा 20 मार्च से परीक्षा देगी।
बीएमएसएस और पैरामेडिकल की परीक्षाएं 6 अप्रैल से
विश्वविद्यालय ने एक बार फिर से बीएएमएस, पैरामेडिकल, बीएससी नर्सिंग, एमडी आयुर्वेद, बीडीएस समेत अन्य परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। परीक्षाएं 6 अप्रैल से शुरू होंगी। नया परीक्षा शेड्यूल विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा। इससे पहले परीक्षाएं 16 और 20 मार्च से शुरू हो रही थीं। बीएएमएस के छात्रों ने परीक्षाओं की तैयारी न होने का हवाला देते हुए परीक्षाएं टालने की मांग विश्वविद्यालय प्रशासन से की थी। इसके बाद परीक्षा कार्यक्रम को अपरिहार्य कारणों के चलते टाल दी गई थीं। अब एक बार फिर से नया शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
एमएससी बॉयोटेक्नोलॉजी के परीक्षा फार्म जमा करने का एक और मौका
विश्वविद्यालय ने एमएससी बॉयोटेक्नोलॉजी के परीक्षा फार्म जमा करने का एक और मौका छात्रों को दिया है। अब छात्र 19 से 21 मार्च तक ऑनलाइन फार्म जमा कर सकेंगे। पहले परीक्षा फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 7 मार्च थी। छात्रों को 22 मार्च तक भरे हुए फार्म महाविद्यालय में जमा करने होंगे। महाविद्यालयों को फार्म 24 मार्च तक विश्वविद्यालय में जमा करने होंगे।
