बाराबंकी: पुलिस पर किए गए पथराव मामले में 39 नामजद, 150 पर मुकदमा, 22 गिरफ्तार
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार की शाम तहसील परिसर स्थित विवादित भवन को लेकर पुलिस पर किए गए पथराव मामले में 39 लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इनमें से 22 लोगों को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया। इस बीच आईजी संजीव …
रामसनेहीघाट, बाराबंकी। तहसील मुख्यालय पर शुक्रवार की शाम तहसील परिसर स्थित विवादित भवन को लेकर पुलिस पर किए गए पथराव मामले में 39 लोगों को नामजद करते हुए 150 अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने इनमें से 22 लोगों को गिरफ्तार कर आज जेल भेज दिया। इस बीच आईजी संजीव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने आज ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिव्यांशु पटेल के साथ घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।
ज्ञात हो कि तहसील परिसर में एसडीएम आवास के ठीक सामने बने विवादित परिसर में नमाज अदा करने को लेकर पिछले कई दिनों से विवाद की स्थिति बनी हुई है। यह स्थिति तब और गंभीर हो गई जब ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दिव्यांशु पटेल ने तहसील परिसर में सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से परिसर में जाने वाले शॉर्टकट रास्ते को बंद करा दिया।
शुक्रवार को जुमे की नमाज ना अदा कर पाने से कस्बे के लोग आक्रोशित हुए, जिन्हें दिन में पुलिस ने समझा-बुझाकर वापस कर दिया था। स्थिति तब विकट हो गई जब शुक्रवार की देर शाम वर्ग विशेष की भीड़ ने मौके पर ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों पर पथराव शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हमले से पुलिस भी सकते में आ गई लेकिन थोड़ी ही देर में पुलिस बल और अधिक आ जाने पर भीड़ को कंट्रोल करने के लिए ना केवल आंसू गैस के गोले छोड़े गए बल्कि रबड़ की गोलियां चलाकर भीड़ को भागने के लिए मजबूर कर दिया गया।
इस बीच उच्चाधिकारियों को सूचित करते हुए जिले से भारी संख्या में पुलिस फोर्स एवं पीएसी के जवानों को बुला लिया गया। जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह एवं पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद भी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक चले पुलिस के सर्च अभियान में 22 लोगों को हिरासत में ले लिया गया। शनिवार को पुलिस ने इस घटनाक्रम में धारा 147,148, 149, 504, 506, 307, 332, 333, 336,353, 34, 188 आईपीसी तथा 7 सी एल ए के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए 39 लोगों को नामजद किया है जबकि डेढ़ सौ लोगों को अज्ञात में रखा गया है।
पुलिस ने हिरासत में लिए गए 22 लोगों को शनिवार को जेल रवाना कर दिया। इस बीच पुलिस महानिरीक्षक संजीव गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक यमुना प्रसाद ने आज घटनास्थल का दौरा किया तथा स्थिति की समीक्षा करते हुए पुलिस को अपराधियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बातचीत के दौरान अधिकारियों ने कहा कि स्थिति पूरी तरह से सामान्य है, अपराधियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी, अधिकारियों ने यह भी कहा कि आम जनता की सुरक्षा ही पुलिस का सबसे बड़ा कर्तव्य है जिसमें किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होगी। पुलिस ने देर शाम सुरक्षा के लिहाज से कस्बे की ड्रोन कैमरे से निगरानी शुरू करा दी है।
