बरेली: सौ फुटा रोड के पास बस रही अवैध कॉलोनी पर चला बुल्डोजर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से नक्शा पास कराए बिना अवैध कॉलोनियां विकसित होने के मामले आए दिन उजागर हो रहे हैं। शनिवार को बीडीए के अधिकारियों ने ऐसी ही एक अवैध कॉलोनी को निशाने पर लिया जिस पर बीडीए से ले-लाउट स्वीकृत कराए बगैर कॉलोनाइजर करीब 30 बीघा जमीन पर कॉलोनी विकसित …

अमृत विचार, बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से नक्शा पास कराए बिना अवैध कॉलोनियां विकसित होने के मामले आए दिन उजागर हो रहे हैं। शनिवार को बीडीए के अधिकारियों ने ऐसी ही एक अवैध कॉलोनी को निशाने पर लिया जिस पर बीडीए से ले-लाउट स्वीकृत कराए बगैर कॉलोनाइजर करीब 30 बीघा जमीन पर कॉलोनी विकसित कर रहे थे।

बीडीए की टीम ने बुल्डोजर चलवाकर कॉलोनी के अंदर डाली जा रही सड़क उखाड़ते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की। बीडीए की इस कार्रवाई के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही अवैध रूप से विकसित हो रही कई और कॉलोनियों को निशाने पर लेकर वहां भी ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जाएगी।

बीडीए को यह सूचना मिली थी कि प्राधिकरण के क्षेत्र के अंतर्गत नहर रोड पर व्यास स्कूल के पास सौ फुटा रोड पर करीब 30 बीघा जमीन पर कॉलोनी विकसित की जा रही है जबकि कॉलोनी के लिए बीडीए से नक्शा पास नहीं कराया गया है। जांच पड़ताल करने पर बीडीए को पता चला कि राजीव राणा व एलायंस बिल्डर सहित कई लोग बीडीए से अनुमति लिए बगैर यहां भवनों के साथ रोड का निर्माण भी करा रहे थे।

मौके पर पहुंची बीडीए की टीम ने देखा कि अवैध रूप से विकसित हो रही इस कॉलोनी के अंदर सड़क बनाने के लिए मिट्टी डालने के साथ सड़क के किनारे चिनाई कराने का भी काम चल रहा है। इसके अलावा यहां कई भवनों के निर्माण भी हो चुके थे।
अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश नगर योजना एवं विकास अधिनियम के तहत सुसंगत धाराओं में कार्रवाई करते हुए कॉलोनी के अंदर चल रहे सड़क निर्माण को जेसीबी से खोद दिया।

साथ ही ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई। बीडीए की यह कार्रवाई काफी देर तक चलती रही। इससे कॉलोनी और उसके आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कुछ और कॉलोनियां भी बीडीए के संज्ञान में आई हैं। उनके खिलाफ भी जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर प्राधिकरण के अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित, सहायक अभियंता अनिल कुमार, प्रेमचंद्र आर्या के साथ प्राधिकरण का अन्य स्टाफ भी मौजूद रहा।

संबंधित समाचार