बरेली: गांधी उद्यान के सामने तीसरी बार सीवर लाइन की खुदाई

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान के सामने सीवर लाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। इसके बावजूद बार-बार सीवर लाइन लीक होने से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाता है। शनिवार को एक बार फिर से तीसरी बार जेसीबी लगाकर काम शुरू कर दिया गया। इसकी वजह से जाम लग गया और वाहन चालकों …

अमृत विचार, बरेली। गांधी उद्यान के सामने सीवर लाइन डालने का काम पूरा हो चुका है। इसके बावजूद बार-बार सीवर लाइन लीक होने से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया जाता है। शनिवार को एक बार फिर से तीसरी बार जेसीबी लगाकर काम शुरू कर दिया गया। इसकी वजह से जाम लग गया और वाहन चालकों को निकलने में दिक्कत हुई।

गांधी उद्यान से चौकी चौराहा तक अभी तक सड़क डालने का काम पूरा नहीं हो सका है। गांधी उद्यान से बियावानी कोठी तक सिर्फ वाहन जा सकते हैं लेकिन वापस नहीं आ सकते हैं। इस रास्ते पर सीवर लाइन पड़ चुकी है। 20 मार्च तक पत्थर बिछाने का कार्य पूरा करना था लेकिन शाम तक काम चल रहा था। काम चलने के दौरान दिनभर जाम लगता रहा क्योंकि दूसरी तरफ से भी कार और अन्य वाहन आ रहे थे।

बियावानी कोठी चौराहा पर सिर्फ एक ही होमगार्ड तैनात था। गांधी उद्यान के पास काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए जा रहे हैं लेकिन सभी जाम खुलवाने के बजाय चालान काटने में व्यस्त रहते हैं। गांधी उद्यान के सामने आठ दिन बाद भी सड़क को समतल नहीं किया गया है। इसकी वजह से वाहन गड्ढे से होकर निकल रहे हैं। पानी का छिड़काव न होने से धूल उड़ रही है। इससे वाहन चालकों को काफी दिक्कत हो रही है।

बरेली कॉलेज के सामने भी वाहनों के निकलने में लगातार दिक्कत हो रही है क्योंकि नाला निर्माण की वजह से सड़क के चारों तरफ मिट्टी का ढेर लगा है। चौपुला चौराहे से पटेल चौक तक भी लगातार धूल उड़ रही है। चौपुला पुल पर भी जाम की समस्या लगातार बरकरार है। किला रोड पर सीवर लाइन के काम की वजह से जाम लग रहा है। धूल से भी लोगों को लगातार परेशानी हो रही है।

———————–
फोटो- 152 मालियों की पुलिया पर बनाई सड़क
मालियों की पुलिया पर बनाई सड़क
मालियों की पुलिया मोड़ पर सड़क का निर्माण कर दिया गया है। ‘अमृत विचार’ ने अधूरी सड़क बना देने की खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। सड़क न बनने से वाहनों को मुड़ने में दिक्कत होती थी और जाम लगता था। सड़क बन जाने से वाहन चालकों को काफी राहत मिली। बियावानी कोठी से खुर्रम गौटिया होते हुए सेटेलाइट तक जाने वाले वाहन इसी रास्ते से गुजर रहे हैं। शनिवार को भी यहां पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी की ड्यूटी नहीं लगायी गई, इसकी वजह से गलत दिशा में वाहन जाते रहे।

संबंधित समाचार