बरेली: सीवर लाइन पड़ने के बाद बनी सड़क धंसी, फिर खोदी
बरेली, अमृत विचार। पटेल चौक से चौपुला चौराहा के बीच में कुछ दिनों पहले बनी सड़क सीवर लाइन लीक होने से धंस गई। सीवर लाइन के निर्माण की वजह से एक बार फिर से बुधवार को जेसीबी से सड़क को खोदना पड़ा। इस तरह से पहले भी कालीबाड़ी में सड़क पड़ने के बाद दोबारा सड़क …
बरेली, अमृत विचार। पटेल चौक से चौपुला चौराहा के बीच में कुछ दिनों पहले बनी सड़क सीवर लाइन लीक होने से धंस गई। सीवर लाइन के निर्माण की वजह से एक बार फिर से बुधवार को जेसीबी से सड़क को खोदना पड़ा। इस तरह से पहले भी कालीबाड़ी में सड़क पड़ने के बाद दोबारा सड़क को खोदकर कार्य किया गया है। सीवर लाइन पड़ने के बाद सड़क तो बनायी जा रही है लेकिन मिट्टी और पत्थर को सही से न दबाने की वजह से ऐसा हो रहा है।
पटेल चौक से चौपुला चौराहा तक जाने वाली सड़क को रेलवे कॉलोनी तक बना दिया गया लेकिन पटेल चौक में सड़क के शुरुआत में कुछ हिस्से को छोड़ दिया गया है। इसकी वजह से इस रास्ते पर वाहन नहीं जा रहे हैं। इसके अलावा दुकानदारों ने नई बनी सड़क को पूरी तरह से कार व बाइक पार्किंग बना दिया है।
ट्रैफिक पुलिस भी इस रास्ते को चालू नहीं करा रही है। इस रास्ते पर पहले दुकानदार सर्विस रोड पर कब्जा करते थे। पटेल चौक से नगर निगम होते हुए सब्जी मंडी तक सीवर लाइन की खुदाई का कार्य पूरा होने तक पत्थर डालने का काम पूरा हो चुका है लेकिन इस रास्ते को अभी तक खोला नहीं गया है। सब्जी मंडी के सामने पाइप पड़े हैं। इसके अलावा बची हुई जगह पर वाहन पार्क हो रहे हैं और ठेले खड़े हो रहे हैं।
नगर निगम के मुख्य द्वार के सामने ही दोनों तरफ कारों को खड़ा करके रास्ता बंद कर दिया गया है। इसके अलावा जगह-जगह इस रास्ते पर पार्किंग बना दी गई है। इसकी वजह से डलाव घर के पास वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है, क्योंकि खुदाई की वजह से मिट्टी पड़ी है।
इसी वजह से बुधवार को एक कूड़ा ढोने वाला ठेला पलट गया। बरेली कॉलेज के सामने नाला निर्माण से भी लगातार दिक्कत हो रही है। गांधी उद्यान से चौकी चौराहा तक भी अभी तक सीवर लाइन का काम पूरा नहीं हुआ है। कुछ दूरी तक काम पूरा न होने और पत्थर न पड़ने से रोजाना जाम लग रहा है।
