बरेली: कोरोना की बढ़ती रफ्तार, धर्मगुरू लगाएंगे नैय्या पार, पढ़ाएंगे वैक्सीनेशन का पाठ
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने और कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने धर्मगुरुओं से सहयोग मांगा है। इस संबंध में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में बैठक बुलाकर उन्हें लोगों को प्रेरित करने के लिए कहा है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके …
बरेली, अमृत विचार। जिले में कोरोना टीकाकरण की रफ्तार बढ़ाने और कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने धर्मगुरुओं से सहयोग मांगा है। इस संबंध में गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय में बैठक बुलाकर उन्हें लोगों को प्रेरित करने के लिए कहा है। बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके गर्ग ने कहा कि पिछले साल कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने में जिले के लोगों का सहयोग मिल रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम ये है कि सक्रिय मरीजों की संख्या में गिरावट आई है।
वैक्सीनेशन प्रक्रिया के तहत फ्रन्ट लाइन वर्कर्स के बाद अब 45 से 59 साल तक के गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्ति और 60 साल से अधिक उम्र के बुजुर्गों को वैक्सीन लगाई जा रही है। सरकार की मंशा के तहत गंभीर बीमारियों से पीड़ित और बुजुर्गों को प्राथमिकता इसलिए दी जा रही है क्योंकि इनमें संक्रमण होने की संभावना अधिक रहती है। सभी लोग स्वयं और अपने परिवार के बीमार व बुजुर्गों के स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशील होकर उनका निर्धारित कैम्प स्थलों पर वैक्सीनेशन कराएं। बैठक में उपस्थित धर्म गुरुओं से कहा कि वे निर्धारित आयु वर्ग के लोगों को कोविड-19 वैक्सीनेशन के लिए प्रोत्साहित करें। साथ ही मास्क पहनने के लिए जागरूक करें।
सीएमओ ने बताया कि अब जिला पुरुष व महिला चिकित्सालय समेत जनपद के सभी सीएचसी व पीएचसी पर सोमवार से शनिवार तक प्रत्येक कार्यदिवस पर टीकाकरण किया जा रहा है। वैक्सीनेशन के लिए स्वास्थ्य विभाग ने सभी सरकारी अस्पतालों में निश्शुल्क टीकाकरण की व्यवस्था की है।
जिला अस्पताल में दो केंद्र बनाए गए हैं। इनमें एक केंद्र जिला पुरुष अस्पताल में है और दूसरा जिला महिला अस्पताल में बना है। यहां सोमवार से शनिवार तक रोजाना मुफ्त वैक्सीन लगाई जा रही है। इसके अलावा जिले की सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी सोमवार से शनिवार तक वैक्सीनेशन की व्यवस्था है। जिले की 36 अतिरिक्त पीएचसी और शहर की छह अर्बन पीएचसी पर सप्ताह में तीन दिन सोमवार, गुरुवार और शुक्रवार को वैक्सीनेशन किया जा रहा है। टीकाकरण हेतु पूर्व पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।
पंजीकरण हेतु व्यक्ति अथवा आरोग्य सेतु एप पर पंजीकरण करा सकते हैं। बैठक के दौरान यूनीसेफ की ओर से इरशाद हसन खान,डा. वीपी कौशिक दरगाह आला हरजत से मौलाना शहबुद्दीन हाजी, जावेद खान, गुरुद्वारा जनकपुरी से प्रधान सेवक परमजीत सिंह दुआ, सिविल लाइंस चर्च से पास्टर सुनील मैसी, श्री शिरडी साई मंदिर से यजुवेंद्र पाठक, पीस कमेटी से खालिद कादरी आदि लोग मौजूद रहे।
26500के सापेक्ष 6243 का वैक्सीनेशन
तीसरे चरण के लिए चल रहे वैक्सीनेशन में गुरुवार को जिले में 26 हजार लोगों का वैक्सीनेशन कराया जाना था। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इसके लिए पहले से ही तैयारी कर रखी थी। बावजूद इसके जागरूकता के अभाव के चलते सिर्फ6225लोग ही वैक्सीनेशन के पहुंचे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. आर एन सिंह ने बताया कि जिले का कुल लक्ष्य 26500 रखा गया था। उन्होंने बताया कि वैक्सीनेशन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। शासन से प्राप्त दस हजार लक्ष्य तक पहुंचने के लिए जागरूकता अभियान भी चलाया जा रहा है।
