बरेली: हज यात्रा पर चाहते हैं जाना, कोरोना टीका जरूरी है लगवाना
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल से बंद पड़ी हज यात्रा अब फिर से शुरू होने की उम्मीद है। सऊदी सरकार ने हज यात्रा से पहले कोरोना टीका लगवाना अनिवार्य कर दिया है। 20 जुलाई को हज का फर्ज अदा होना है मगर हज यात्रा को लेकर कोई भी आदेश न आने से लोग असमंजस में …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल से बंद पड़ी हज यात्रा अब फिर से शुरू होने की उम्मीद है। सऊदी सरकार ने हज यात्रा से पहले कोरोना टीका लगवाना अनिवार्य कर दिया है। 20 जुलाई को हज का फर्ज अदा होना है मगर हज यात्रा को लेकर कोई भी आदेश न आने से लोग असमंजस में हैं।
सऊदी सरकार ने ऐलान किया है कि सऊदी अरब और बाहरी देशों से हज के लिये आने वाले यात्रियों को कोरोना वैक्सीन अनिवार्य रूप से लगवानी होगी। आवेदन के साथ उन्हें टीकाकरण का प्रमाण-पत्र भी दिखाना होगा। सोशल डिस्टेडिंग के नियमों का पालन और मास्क लगाना जरूरी होगा। रिहायशी जगहों पर एक से डेढ़ मीटर की दूरी कायम रखनी होगी। सऊदी सरकार ने ऐलान किया है कि अब 70 वर्ष आयु वाले लोग भी हज या उमराह जा सकेंगे। पिछले दिनों सऊदी सरकार ने 18 से 65 वर्ष आयु वाले लोगों से आवेदन के लिये कहा था।
इस बार हज यात्रा 19 या 20 जुलाई 2021 से शुरू होनी है लेकिन कोरोना के कारण सऊदी सरकार ने अभी तक यह तय नहीं किया है कि कितने यात्रियों को हज यात्रा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी। बरेली हज सेवा समिति के संस्थापक पम्मी खान वारसी ने बताया कि हज कमेटी के निर्देश का इंतजार है।
हज कमेटी ऑफ इंडिया की गाइडलाइन जारी होने के बाद ही हज यात्रा के बारे आगे की यात्रा में बताया जा सकेगा। अभी भारत की तरफ कोई नई गाइडलाइन जारी नहीं हुई हैं उम्मीद हैं कि जल्द ही गाइडलाइन जारी होगी।
