मैदान-ए-जंग में तब्दील होता बंगाल चुनाव, शुभेंदु अधिकारी के भाई पर हमला, कार क्षतिग्रस्त
कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के भाई सौमेन्दु अधिकारी पर कथित रूप से मेदिनीपुर के कोन्टई में शनिवार को हमला किया गया और उनकी कार को क्षति पहुंचायी गयी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस नेता एवं मंत्री शशि पांजा ने आरोप लगाया है कि भाजपा …
कोलकाता। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम विधानसभा सीट के उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी के भाई सौमेन्दु अधिकारी पर कथित रूप से मेदिनीपुर के कोन्टई में शनिवार को हमला किया गया और उनकी कार को क्षति पहुंचायी गयी। इस बीच तृणमूल कांग्रेस नेता एवं मंत्री शशि पांजा ने आरोप लगाया है कि भाजपा के समर्थक लाठियों एवं धारदार हथियारों से मतदाताओं को डराते हुए देखे गये।
सौमेन्दु अधिकारी ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता कोन्टई में गड़बड़ी फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह जब तृणमूल समर्थकों को रोकने की कोशिश कर रहे थे तो उन पर हमला किया गया। तृणमूल समर्थक मतदाताओं को भगाने की कोशिश कर रहे थे। सौमेन्दु अधिकारी ने कहा कि हमने चुनाव आयोग से कहा था कि स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव कराये जाने चाहिए। तृणमूल कांग्रेस भय फैला रही है। हमने चुनाव आयोग को कार्रवाई के लिए कुछ नाम दिये हैं।
इससे पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के उम्मीदवार सुशांत घोष पर सलबोनी में हमला किया गया। उनकी कार में कथित रूप से तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तोड़फोड़ की। शशि पांजा ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ता खुलेआम लाठियां और धारदार हथियार दिखाकर मतदान केन्द्रों से 100 मीटर की दूरी पर मतदाताओं को डरा रहे हैं।
उन्होंने मेदिनीपुर के कुछ मतदान केन्द्रों का जिक्र करते हुए कहा कि मतदाताओं की रक्षा करने के लिए केन्द्रीय बल कहां हैं। पूर्वी मेदिनीपुर में सुबह गोलीबारी और बम फेंके जाने की घटना में दो सुरक्षा कर्मी घायल हो गये हैं। चुनाव आयोग के अधिकारियों से इस मामले को देखने को कहा गया है। इस वारदात में पताशपुर थाना प्रभारी दीपक कुमार चक्रवर्ती और केन्द्रीय बल का एक जवान घायल हुआ है।
नंदीग्राम में भाजपा-तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं में झड़प, तीन घायल
पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र में शनिवार को भाजपा और तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच झड़प में कम से कम तीन व्यक्ति घायल हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पूरब मेदिनीपुर जिले की इस सीट पर एक अप्रैल को मतदान होना है, जहां ममता का मुकाबला कभी उनके सहयोगी रहे एवं भाजपा उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी से है।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी के चुनाव एजेंट शेख सूफियान ने दावा किया कि भाजपा के भाड़े के गुंडों ने राज्य में सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं पर हमला किया। वहीं, भगवा पार्टी ने इन आरोपों से इनकार किया है। सूफियान ने दावा किया, ”घटना में घायल सभी तीनों कार्यकर्ता तृणमूल कांग्रेस के हैं। उन्हें कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया है। उनमें से एक की हालत गंभीर है।” उन्होंने आरोप लगाया कि गत 15 दिनों से भाजपा के गुंडों ने नंदीग्राम में आतंक मचा रखा है।
सूफियान ने दावा किया, ”ये गुंडे तृणमूल कार्यकर्ताओं के घरों में जाकर उन पर हमले कर रहे हैं, उनके हाथ मरोड़ रहे है और यहां तक कि सोने की चेन भी छीन रहे हैं। लेकिन पुलिस कुछ नहीं कर रही है।” सूफियान के आरोपों को खारिज करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने और इलाके में शांति बहाल करने के लिए तत्काल कार्रवाई की गई। स्थानीय भाजपा नेताओं ने तृणमूल नेता के दावे को खारिज करते हुए कहा कि राज्य की सत्तारूढ़ पार्टी के कार्यकर्ता निर्वाचन क्षेत्र में शांति भंग कर रहे हैं।
भाजपा नेता ने कहा, ”हमारा कोई कार्यकर्ता तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमले में शामिल नहीं है। इसके विपरीत सत्तारूढ़ पक्ष के सदस्यों ने शुभेंदु अधिकारी की रैली के दौरान हमारे कार्यकर्ताओं पर हमला किया। तीन तृणमूल कार्यकर्ताओं, जिनका इलाज चल रहा है, वे आपसी झगड़े में घायल हुए हैं।”
