बरेली: 1 अप्रैल से करनी है सिंगल स्टेज डिलीवरी, तैयारी अधूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। 1 अप्रैल से जनपद में लागू होने वाली सिंगल स्टेज डोर डिलीवरी व्यवस्था को लेकर पूर्ति विभाग के अधिकारी और ठेकेदार परेशान हैं। अंदरखाने राशन उठान से लेकर बांटने तक जुड़े लोग इस व्यवस्था के विरोध में खड़े हैं लेकिन शासन व्यवस्था को लागू करने के लिए सख्ती दिखा रहा है। अधिकारियों …

बरेली, अमृत विचार। 1 अप्रैल से जनपद में लागू होने वाली सिंगल स्टेज डोर डिलीवरी व्यवस्था को लेकर पूर्ति विभाग के अधिकारी और ठेकेदार परेशान हैं। अंदरखाने राशन उठान से लेकर बांटने तक जुड़े लोग इस व्यवस्था के विरोध में खड़े हैं लेकिन शासन व्यवस्था को लागू करने के लिए सख्ती दिखा रहा है। अधिकारियों की लापरवाही यहीं दिख रही है कि नई व्यवस्था लागू करने में महज चार दिन बचे हैं और अधिकारियों ने रूट चार्ट तक नहीं बनाया। किस एफसीआई गोदाम से कितने ठेकेदार राशन उठाएंगे?, किस रूट से कितनी दुकानों पर राशन पहुंचेगा?, इसका रूटचार्ट न जिला पूर्ति विभाग और न ही गोदाम प्रभारियों ने बनाया।

शनिवार को इस मामले में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक हुई। जिलाधिकारी नितीश कुमार ने जब अधिकारियों से राशन उठान के रूट चार्ट के बारे में पूछा तो अधिकारी से लेकर गोदाम प्रभारी स्थिति स्पष्ट नहीं कर सके। इस पर डीएम ने नाराजगी जताई। नाराजगी जताते हुए बोले-अभी तक रूट चार्ट नहीं बनाए हैं आप लोग क्या कर रहे हैं? डीएम ने अधिकारियों को राशन उठान का रूट चार्ट बनाने के निर्देश दिए। ठेकेदारों ने छोटे वाहनों से राशन उठान में दिक्कतें बताईं। डीएम ने उनसे पूछा, ट्रकों के अलावा छोटे वाहनों से उठान कराएं, तब उन्होंने खर्चा अधिक आने की बात कही।

अपर जिलाधिकारी (नगर) महेंद्र कुमार सिंह ने ट्रक और छोटे वाहन से उठान में खर्च आने वाला फर्क पूछा, तब ठेकेदार कुछ बता नहीं सके। डीएम ने कहा कि शहरी क्षेत्रों में राशन की दुकानों पर छोटे वाहनों से राशन पहुंचाएं। सभी गोदामों के मालिक अपने-अपने क्षेत्रों का रूट चार्ट बना लें। अमल नहीं करने पर गोदाम मालिक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि किसी भी कोटेदार के अंदर यह सोच नहीं आनी चाहिये कि उसे कम राशन मिल रहा है। सभी को बराबर मात्रा में राशन दिया जायेगा। धान और गेहूं खरीद का रेट न्यूनतम रहे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें। शहर में नवीन मंडी के पास, सीबीगंज, भुता, फरीदपुर, परसाखेड़ा, बहेड़ी, भरतौल आदि स्थान पर हैं। इस दौरान डीएसओ सीमा त्रिपाठी, विपणन अधिकारी सुनील भारती और कई पूर्ति अधिकारी और ठेकेदार मौजूद रहे।

इसलिए लागू की जा रही नई व्यवस्था
घटतौली और फर्जीवाड़ा रोकने के साथ ही राशन आवंटन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए जनपद में 1 अप्रैल से सिंगल स्टेज डिलीवरी व्यवस्था लागू हो रही है लेकिन इस व्यवस्था का विरोध शुरू हो गया है। अभी तक सीएफसी के माध्यम से एफसीआई के गोदामों से राशन ट्रकों से राशन की दुकान तक पहुंचाने वाले ठेकेदारों ने इस व्यवस्था के तहत कार्य करने में असमर्थता जताई।

हालांकि, बाद में वे मान गए। अभी तक सीएफसी के जरिए ठेकेदार जहां मन हुआ, वहां ट्रक से राशन उतारकर अन्य वाहन से राशन दुकान तक पहुंचा देते थे लेकिन अब ऐसा नहीं कर सकेंगे। उन्होंने एफसीआई गोदाम से राशन उठाकर सीधे राशन दुकान तक उतारना है। इस व्यवस्था में उन्हें छोटे वाहनों का ज्यादा प्रयोग करना पड़ेगा।

1 अप्रैल से नई व्यवस्था लागू होगी। इसे लागू कराने की पूरी तैयारी है। कोई नई व्यवस्था आती है तो उसकी स्वीकार्यता लोग जल्दी नहीं करते हैं। पॉश मशीन से राशन बांटने पर भी यही स्थिति बनी थी। नई व्यवस्था से घटतौली और फर्जीवाड़े पर अंकुश लगेगा। -नितीश कुमार, जिलाधिकारी

ठेकेदारों ने राशन उठान न करने को लेकर कोई बात नहीं कही। उन्होंने कुछ समस्याएं बताईं जिनका निराकरण कराने का आश्वासन दिया गया। शासनादेश के अनुसार 1 अप्रैल से राशन उठान की नई व्यवस्था लागू कराने की पूरी तैयारी है। -सीमा त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी

संबंधित समाचार