बरेली: बोनस मांगने पर दर्जनों कर्मचारियों को काम से निकला
बरेली, अमृत विचार। रामपुर रोड स्थित एक कंपनी के कर्मचारियों ने डीएम आवास पर पहुंचकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों ने बताया कि बोनस मांगने पर कंपनी से उन्हें काम से ही निकाल दिया। उसके बाद उपश्रमायुक्त से मामले की शिकायत की गई तो कंपनी ने काम पर रखने का आश्वासन …
बरेली, अमृत विचार। रामपुर रोड स्थित एक कंपनी के कर्मचारियों ने डीएम आवास पर पहुंचकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। कर्मचारियों ने बताया कि बोनस मांगने पर कंपनी से उन्हें काम से ही निकाल दिया। उसके बाद उपश्रमायुक्त से मामले की शिकायत की गई तो कंपनी ने काम पर रखने का आश्वासन दिया मगर आरोप है कि उसके बाद भी कंपनी ने उन्हें काम पर नहीं रखा। इसके बाद अब कर्मचारियों ने डीएम आवास पर प्रार्थना पत्र देकर बोनस दिलाकर काम पर वापस रखने की मांग की है।
रामपुर रोड स्थित ट्रांसफार्मर बनाने वाली कंपनी के कर्मचारियों ने शनिवार को जिलाधिकारी नितीश कुमार के आवास पर जाकर कंपनी पर काम से निकालने का आरोप लगाया। कर्मचारियों ने बताया कि प्रोडक्शन मैनेजर ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्हें निकल दिया। साथ ही मेन गेट को अंदर से बंद कर लिया। कर्मचारियों की मानें तो वर्ष 2018-19 से लेकर 2020-21 का बोनस उन्हें नहीं दिया गया जो एक माह के वेतन के बराबर होता है।
इसके अलावा उन्हें सीएल और ईएल भी नहीं दी जाती। न ही प्रोविडेंट फण्ड जमा किया जाता है जबकि पीएफ उनके वेतन से काटा जाता है। सादे वाउचर पर हस्ताक्षर कराकर मानक से कम वेतन दिया जाता है। मालिक ने तीन वर्षों से कार्य का अनुबंध निष्पादन भी नहीं कराया है। जब उन्होंने अपनी मांगें मालिक के सामने रखीं तो उल्टा उन्हीं को काम से निकाल दिया गया।
निकाले गए कर्मचारियों ने उपश्रमायुक्त से भी गुहार लगाई तो कंपनी ने उन्हें वापस काम पर रखने का आश्वासन दिया लेकिन शनिवार को कंपनी पहुंचे तो मालिकों ने उन्हें रखने से मना कर दिया। अब पीड़ित कर्मचारियों ने जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन देकर इंसाफ की गुहार लगाई। मांगें पूरी नहीं होने पर धरना प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
