बरेली: 18552 कर्मचारियों की 3865 पार्टियां बनेंगी, प्रशिक्षण शुरू
बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजने के बाद शनिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। मतदान संपन्न कराने के लिए पीठासीन और मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। संजय कम्युनिटी हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अधिकारियों को बैलेट पेपर से मतदान कराने की …
बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बिगुल बजने के बाद शनिवार से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई। मतदान संपन्न कराने के लिए पीठासीन और मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू हो गया है। संजय कम्युनिटी हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितीश कुमार ने अधिकारियों को बैलेट पेपर से मतदान कराने की बारीकियां समझाईं। उन्हें पेटी को सील कराने और खोलने समेत अन्य बिंदुओं की जानकारी दी। 12 अप्रैल तक चलने वाले कार्यक्रम में प्रतिदिन तीन पालियों में प्रशिक्षण कराया जा रहा है।
प्रत्येक पाली में 1052 कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। पहली पाली सुबह 9 से 11.30 बजे, दूसरी पाली में दोपहर 12 से 2.30 बजे और तीसरी पाली में दोपहर 3 से शाम 5.30 बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। अपर जिलाधिकारी प्रशासन वीके सिंह के निर्देशन में मतदान कर्मिकों को राज्य निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदान कराने की बारीकियां बताई जा रही हैं। पीठासीन और मतदान अधिकारियों को बुकलेट भी दी गई है।
इस बार चुनाव में 18552 कर्मचारियों की ड्यूटी लगेगी। इनका डाटा राज्य निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपलोड किया जा चुका है। इसमें 15,460 कार्मिकों की तैनाती रहेगी और शेष कर्मचारियों को रिजर्व रखा जाएगा। 3865 पार्टियां बनेंगी जो पोलिंग संपन्न कराएंगी।

पहले दिन जिला पंचायत सदस्य पद के 70 फॉर्म बिके
जिला पंचायत सदस्य पद के नामांकन पत्र कलक्ट्रेट स्थित अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कोर्ट में मिल रहे हैं। विकास भवन के कर्मचारियों को फॉर्म बेचने के कार्य में लगाया गया है। शनिवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक जिला पंचायत सदस्य पद के 70 फॉर्म बिके। हालांकि, फॉर्म की जानकारी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) में दिनभर लोगों की भीड़ रही। लोग मतदाता सूची, नामांकन पत्र कहां मिल रहे, कितनी धनराशि और क्या चरिण प्रमाण पत्र लगेगा आदि सवाल लेकर पहुंचे।
