बरेली: होली पर ढोल नगाड़ों के साथ निकाली गई ऐतिहासिक रामबरात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमृत विचार, बरेली। इस बार भी होली के मौके पर ऐतिहासिक राम बरात ढोल नगाड़ों और होलियारों की टोलियों के साथ धूमधाम से निकली। टोलियां अबीर गुलाल और रंगों की बौछार करते जय श्री राम के उद्घोष के साथ नाचते-गाते रामरथ के आगे-पीछे चल रहीं थीं। पिचकारियों से रंगों की धार हवा में उछलकर होलिहारों …

अमृत विचार, बरेली। इस बार भी होली के मौके पर ऐतिहासिक राम बरात ढोल नगाड़ों और होलियारों की टोलियों के साथ धूमधाम से निकली। टोलियां अबीर गुलाल और रंगों की बौछार करते जय श्री राम के उद्घोष के साथ नाचते-गाते रामरथ के आगे-पीछे चल रहीं थीं। पिचकारियों से रंगों की धार हवा में उछलकर होलिहारों पर गिर रही थीं।

हर कोई रंगों में सराबोर था। जगह-जगह रामबरात का स्वागत करने के लिए तमाम संगठनों ने व्यवस्था की थी। कोई शरारत न हो, इसके लिए रामबरात की सुरक्षा के लिए 300 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया था।

रामबराम बमनपुरी स्थित नरसिंह मंदिर से प्रारंभ हुई। गणेश वंदना व राम स्तुति का वाचन हुआ। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व सांसद प्रवीण सिंह ऐरन ने राम, लक्ष्मण व हनुमान के स्वरूपों का माल्यार्पण कर अभिवादन किया। इस मौके पर कोरोना के खात्मे के लिए प्रार्थना की गई। इसके बाद रामबरात को हरी झंडी दिखाई। रामरथ पर राम, लक्ष्मण व हनुमान के स्वरूपों के साथ पूर्व सांसद और अतुल कपूर भी बैठे थे।

रामबरात में होलियारों ने राम-सीता के जयकारे लगाए। इस मौके पर एकता, शांति व स्नेह का संदेश भी दिया। रामबरात का स्वागत करने के लिए शहरवासियों में राम बरात का उत्साह अलग से झलक रहा था। कई स्थानों पर लोगों ने रामबरात का स्वागत किया। लोगों ने राम और लक्ष्मण के स्वरूपों की आरती उतारी। गुलाब नगर से निकलने वाली नरसिंह शोभायात्रा भी घंटाघर पहुंचकर राम बरात जुलूस में सम्मिलित हुई।

राम भक्ति में मग्न होलियार नए उत्साह के साथ रामबरात में शामिल हुए। भक्तों ने जमकर गुलाल उड़ाया। मठ की चौकी के पास होलियारों ने राम भजनों पर जमकर डांस किया। गुलाल व पानी की होली खेली। महिलाओं और बच्चों ने अपने घरों की छतों से रामबरात पर गुलाल बरसाया और होलियारों पर पानी की बौछार की।

रामबरात बमनपुरी से शुरू होकर मलूकपुर, बिहारीपुर ढाल, घंटाघर चौराहा, बरेली कॉलेज, कालीबाड़ी, श्यामगंज, शिवाजी मार्ग, कुतुबखाना, बड़ा बाजार, किला, सिटी सब्जी मंडी होते हुए रामलीला स्थल पर वापस पहुंची। रामलीला स्थल पर यात्रा का समापन श्रीराम, माता सीता व हनुमान जी के जयकारों के साथ हुआ।

यात्रा में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी अलर्ट रहा। रामबरात के आगे पुलिस फोर्स और यात्रा के पीछे आरएएफ व बीएफए के महिला व पुरुष कर्मी चल रहे थे। श्रीरामलीला सभा के सदस्यों के साथ सिविल डिफेंस के कार्यकर्ताओं ने भी व्यवस्था बनाने में सहयोग दिया।

रामबरात के संचालन में सभा के अध्यक्ष अतुल कपूर, महामंत्री राधा कृष्ण प्रहलाद, इंद्रदेव त्रिवेदी, रंजीत रस्तोगी, अमित अरोड़ा, विशाल महरोत्रा, पंकज पांडे, राजीव शर्मा, जनार्दन आचार्य, सुनील मिश्रा, रमेश गंगवार, शिवम शर्मा, डॉ. अशोक रस्तोगी, प्रखर व अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।

राम बरात का स्वागत करने वाली संस्थाएं
अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा, खत्री महासभा, कायस्थ चेतना मंच, पंजाबी महासभा, रस्तोगी सभा, नाथ नगरी उपजा प्रेस क्लब, व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ राहगीरों ने भी फूल-माला से रामबरात का स्वागत किया।

संबंधित समाचार