बरेली: पिता की हत्या के बाद शव लांघकर प्रेमी के साथ भागी थी बेटी
अमृत विचार, बरेली। बेटी के प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर श्रीपाल की हत्या उसी के अपनों के सामने की गई थी। हत्या में पत्नी, बेटी भी शामिल थी। बेटी को घर से ले जाने के दौरान पिता ने विरोध किया तो उसकी बेटी और उसके प्रेमी ने हाथापाई शुरू कर दी थी। लड़की के …
अमृत विचार, बरेली। बेटी के प्रेम प्रसंग में बाधा बनने पर श्रीपाल की हत्या उसी के अपनों के सामने की गई थी। हत्या में पत्नी, बेटी भी शामिल थी। बेटी को घर से ले जाने के दौरान पिता ने विरोध किया तो उसकी बेटी और उसके प्रेमी ने हाथापाई शुरू कर दी थी।
लड़की के प्रेमी ने सिर में डंडा मार दिया। इससे उसकी जान चली गई थी। कमरे में शव पड़ा था। लड़की पिता के शव को लांघकर प्रेमी के साथ भाग गई। घटना छिपाने के लिए लड़की की मां घर के बाहर दरवाजे पर बैठ गई। कुछ देर बाद रिश्तेदारों का आना शरू हुआ, तब ग्रामीणों को शक हुआ और यूपी 112 को सूचना दी।
पुलिस पहुंची तो लड़की की मां ने घर में घुसने से रोका। पीआरवी के पुलिस कर्मियों ने थाने से पुलिस बल और महिला सिपाही बुलाई तब दरवाजा खोला। अंदर रामभरोसे का शव पड़ा था। मृतक के भतीजे की तहरीर पर युवती के प्रेमी के खिलाफ थाना शाही में रिपोर्ट दर्ज की गई है लेकिन हत्या में लड़की और उसकी मां का नाम अभी शामिल नहीं किया गया है। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
शाही थाना क्षेत्र के गांव नरेली रसूलपुर निवासी चंद्रसेन व हुकुम सिंह ने बताया कि रामभरोसे उनके चाचा थे। रामभरोसे की बेटी गंगा का प्रेम-प्रसंग आनंदपुर निवासी श्रीपाल उर्फ छोटू से था। रामभरोसे इस बात का विरोध करते थे। उनकी पत्नी मीना और बेटा भी गंगा के पक्ष में बोलते थे।
युवती की मां और भाई की शह पर आरोपी श्रीपाल रामभरोसे के घर आता-जाता था। शनिवार को दिन में करीब 1:30 बजे श्रीपाल रामभरोसे के घर आया और गंगा को अपने साथ ले जाने लगा। इसका विरोध रामभरोसे ने किया तो मारपीट होने लगी। चंद्रसेन का आरोप है कि उनके चाचा को चचेरी बहन गंगा के प्रेमी ने डंडा मारकर हत्या कर दी। चंद्रसेन ने बताया कि यह पूरी घटना उसकी चाची मीना के सामने घटित हुई। रामभरोसे की हत्या करने के बाद श्रीपाल गंगा को लेकर भाग गया। जबकि उसकी चाची घर के बाहर बैठ गई थी। उसने किसी को घर में नहीं जाने दिया जब रिश्तेदार आने लगे तो गांव के लोगों को शक हुआ था। पुलिस ने शव घर से बाहर निकाला, तभी मीना भी फरार हो गई।
सिर में चोट लगने से हुई रामभरोसे की मौत
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रामभरोसे के शरीर पर चोट के कई निशान थे। उसकी मौत सिर में चोट लगने के कारण हुई है। रामभरोसे के शरीर पर कई जगह चोट लगने के निशान मिले। इससे पता चलता है कि उसको बेरहमी से पीटा गया। सिर में गहरी चोट लगना ही मौत की वजह बना।
छह माह के प्यार ने ले ली पिता की जान
ग्रामीणों का कहना है कि रामभरोसे की बेटी गंगा देवी और आनंदपुर के श्रीपाल का प्रेमप्रसंग करीब छह माह से चल रहा था। तभी से श्रीपाल का रामभरोसे के घर आना जाना था। बताते हैं कि श्रीपाल और गंगा देवी शादी करना चाहते थे, लेकिन रामभरोसे इसके विरोध में थे। गांव में चल रही बातों से रामभरोसे को अपनी इज्जत का ख्याल था। इसी वजह से मीना और रामभरोसे के बीच भी विवाद होता रहता था। लोगों ने बताया कि पिता के विरोध करने पर उनकी बेटी गंगा भी रामभरोसे से लड़ती थी।
इस प्रकरण में मृतक रामभरोसे के भतीजे चंद्रसेन की ओर से आनंदपुर निवासी श्रीपाल के खिलाफ तहरीर दी गई है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसके राय, सीओ मीरगंज
