बरेली: होली पर तेज रफ्तार बनी काल, दंपति समेत सात की मौत
बरेली, अमृत विचार। होली के हुड़दंग में तेज गति से दौड़ रहे वाहनों के हादसों में सात लोगों की जान चली गई। होली में आखत डालने के बाद गांव से वापस आ रहे आईवीआरआई कर्मी की स्कूटी में तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपति की मौके पर ही …
बरेली, अमृत विचार। होली के हुड़दंग में तेज गति से दौड़ रहे वाहनों के हादसों में सात लोगों की जान चली गई। होली में आखत डालने के बाद गांव से वापस आ रहे आईवीआरआई कर्मी की स्कूटी में तेज गति से आ रही कार ने टक्कर मार दी। हादसे में दंपति की मौके पर ही मौत हो गई। लोगों ने कार चालक पकड़कर पुलिस को सौंप दिया।
वहीं, आंवला क्षेत्र में बहन के घर जा रहे दंपति की बाइक में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में युवक की मौत हो गई। हाफिजगंज क्षेत्र में तेज गति की वजह से आमने-सामने से हुई दो बाइकों की भिड़ंत में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए।
वहीं, प्रेमनगर थाना क्षेत्र के राजेन्द्र नगर निवासी भैरों प्रसाद पत्नी ओमवती के साथ सोमवार को पैतृक गांव नथपुरा थाना मीरगंज गए थे। आखत डालने के बाद वह घर लौट रहे थे। कार ने उनकी स्कूटी में ऐसी टक्कर मारी कि भैरों प्रसाद और उनकी पत्नी ओमवती की मौत हो गई।
हाफिजगंज क्षेत्र में होली खोलने के लिए बाइकों से जा रहे युवकों की बाइकें आमने-सामने से टकरा गईं। गुलशन नगर थाना नवाबगंज निवासी मनीष कुमार और धनेरा थाना क्योलड़िया निवासी राकेश कुमार समेत पांच लोग घायल हुए थे। जिला अस्पताल में मनीष व राकेश को मृत घोषित कर दिया गया। घायल शंकर, अमित व अवधेश की हालत गंभीर है।
भुता क्षेत्र में पुलिस की पीआरवी वैन ने अहरोली गांव के पास 12वीं के छात्र को टक्कर मार दी। हादसे में छात्र महेन्द्र की मौत हो गई। आंवला के रहने वाले रंजीत सोमवार को पत्नी के साथ बहन के घर वजीरगंज जा रहे थे। रास्ते में अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। रंजीत की मौत हो गई। पत्नी व बच्चे घायल हैं। वहीं, नवाबगंज में बाइक को ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में बिहारीपुर, क्योलड़िया निवासी शंकरलाल की जान चली गई।
