बरेली: घोड़ा बटालियन रोड फिर बंद, लोगों की दिक्कतें बढ़ीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। ईसाइयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक सीवर लाइन का काम चल रहा है। इस रास्ते पर 10 मार्च तक सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर 31 मार्च तक पत्थर डालने का कार्य पूरा करना था लेकिन अब जाकर खुदाई पूरी हो पाई है। होली से पहले सेटेलाइट से घोड़ा बटालियन होते …

बरेली,अमृत विचार। ईसाइयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक सीवर लाइन का काम चल रहा है। इस रास्ते पर 10 मार्च तक सीवर लाइन बिछाने का कार्य पूरा कर 31 मार्च तक पत्थर डालने का कार्य पूरा करना था लेकिन अब जाकर खुदाई पूरी हो पाई है। होली से पहले सेटेलाइट से घोड़ा बटालियन होते हुए बियावानी कोठी तक का भी रास्ता सेना ने बंद कर दिया है। ऐसे में लोगों को काफी परेशानी हो रही है। एसपी ट्रैफिक सेना के अधिकारियों से एक बार फिर से रास्ता खोलने के लिए वार्ता करेंगे।

लंबे रास्ते से बचने के लिए लोग ईसाइयों की पुलिया के रास्ते उखड़ी सड़क से जाने को मजबूर हैं। कुछ वाहन चालक मालियों की पुलिया से गलत दिशा में भी जा रहे हैं। बियावानी कोठी से ईसाइयों की पुलिया तक खुदाई का कार्य 21 मार्च से शुरू हुआ था। लोगों की परेशानी को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस के आग्रह पर सेना ने 18 मार्च से घोड़ा बटालियन के रास्ते को खोल दिया था। होली से पहले अचानक 27 मार्च की रात से सेना ने इस रास्ते को वाहन चालकों के लिए बंद कर दिया। इसकी वजह से लोगों को अब श्यामगंज के रास्ते ही अपने गंतव्य तक जाना पड़ रहा है।

सेटेलाइट से श्यामगंज होते हुए बरेली कॉलेज तक तो रास्ता ठीक हे लेकिन आगे नगर निगम की तरफ जाने वाले रास्ते को अभी न बनाने से परेशानी हो रही है। ईसाईयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक खुदाई का काम तो लगभग पूरा हो गया है। बैरियर हटाकर बाइक सवार निकलने भी लगे हैं लेकिन सड़क समतल न होने से दिक्कत हो रही है।

होली की छुट्टी की वजह से तो अभी कुछ राहत है लेकिन छुट्टी खत्म होने के बाद जब दफ्तर और मार्केट खुलेगी तो परेशानी और बढ़ेगी। बियावानी कोठी से गांधी उद्यान होते हुए चौकी चौराहा तक पत्थर डालकर रास्ता तो खोल दिया गया है लेकिन इस पर धूल उड़ने से परेशानी हो रही है। जब तक इस सड़क पर हॉटमिक्स सड़क नहीं पड़ती, तब तक यही हालात रहेंगे।

“घोड़ा बटालियन का रास्ता खोलने के लिए सेना के अधिकारियों से बात की जाएगी। श्यामगंज से बरेली कॉलेज होकर वाहनों को गुजारा जाएगा। जल्द ही ईसाइयों की पुलिया वाले रास्ते से भी वाहनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।” -राम मोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक

संबंधित समाचार