मुरादाबाद: आचार संहिता लागू फिर भी जमा नहीं कर रहे हैं शस्त्र

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लागू होने के बाद भी शस्त्र जमा करने की रफ्तार काफी धीमी है। चुनाव शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए रोजाना तमाम प्लान बनने के बाद भी शस्त्र जमा कराने में पुलिस फेल साबित हो रही है। थानावार हुई समीक्षा में शस्त्र जमा करने में हो …

मुरादाबाद, अमृत विचार। पंचायत चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लागू होने के बाद भी शस्त्र जमा करने की रफ्तार काफी धीमी है। चुनाव शांति पूर्वक संपन्न कराने के लिए रोजाना तमाम प्लान बनने के बाद भी शस्त्र जमा कराने में पुलिस फेल साबित हो रही है। थानावार हुई समीक्षा में शस्त्र जमा करने में हो रही देरी पर एसएसपी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने दो टूक चेतावनी दी है कि 15 दिन थानावार अभियान चलाकर शस्त्रों को जमा कराया जाए।

कहने को पंचायत चुनाव सबसे छोटा होता है, लेकिन इसे शांतिपूर्वक तरीके से संपन्न कराने में पुलिस-प्रशासनिक अफसरों के पसीने छूट जाते हैं। देश की सबसे छोटी संसद के लिए होने वाला इस चुनाव में एक-एक वोट के लिए जंग होती है। यही वजह है कि वोटरों को रिझाने के लिए दावेदार हर संभव प्रयास करते हैं। महीनों पहले ही दावतों का दौर शुरू हो जाता है। इतना ही नहीं इस चुनाव में होने वाली रंजिश कई बार थाना पुलिस के लिए गले की फांस बन जाती है। चुनाव निपटने के सालों बाद भी रंजिश में गांव की शांति व्यवस्था को खतरा हो जाता है। यही वजह है कि चुनाव से पहले पुलिस को विशेष सतर्कता बरतनी पड़ती है। महीनों पहले से पुलिस कर्मी चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था बनाने के लिए कवायद करने लगते हैं।

शस्त्र जमा कराने में थानेदार कर रहे हैं लापरवाही
चुनाव चाहे देश की संसद को हो या फिर गांव की, शासन के आदेश हैं कि लाइसेंसी असलहों को थाना या फिर दुकान में जमा करा दिया जाए। ताकि चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न हो सके। खासतौर पर पंचायत चुनाव में तो यह आदेश काफी सख्ती से लागू होता है। जिसकी वजह है कि एक-एक वोट के लिए जंग होने लगती है। इस बार भी पंचायत चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने के साथ ही सभी थानेदारों को शस्त्र जमा करने के निर्देश दिए गए थे।

सरकारी रिकार्ड के अनुसार मुरादाबाद जिले में करीब 12 हजार से अधिक असलहे हैं। जिसमें से करीब 35 सौ असलहे वारिसों के इंतजार में गन हाउस में जंग खा रहे हैं। विभागीय सूत्रों की मानें तो सख्त आदेश के बाद भी थानेदार असलहे जमा कराने में दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं। जबकि 26 अप्रैल को मतदान होना है। लिहाजा एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने सख्ती बरतते हुए आदेश दिए हैं कि 15 दिन तक थानावार स्पेशल अभियान चलाकर असलहों को जमा कराया जाए।

चुनाव सेल का निरीक्षण कर चेक किए अभिलेख
वहीं चुनाव के मद्देनजर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने पुलिस लाइन में बने चुनाव सेल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ एसपी सिटी अमित कुमार आनंद, एसपी ट्रैफिक अशोक कुमार सिंह व एसपी देहात विद्या सागर मिश्र भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थानावार सभी अभिलेखों को चेक किया। साथ ही निरोधात्मक कार्रवाई के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने शांतिपूर्वक चुनाव कराने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए।

 

संबंधित समाचार