बरेली: रोडवेज बस को ‘बार’ बना चालक ने दोस्तों संग पी शराब
बरेली,अमृत विचार। रोडवेज बस चालक खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। मनमानी का आलम यह है कि रोडवेज बसों में बैठकर ही शराब पार्टी की जा रही है और कोई देखने वाला नहीं है। ऐसे ही एक शराबी रोडवेज बस ड्राइवर को रोडवेज बस में दोस्तों के …
बरेली,अमृत विचार। रोडवेज बस चालक खुलेआम नियमों को ताक पर रखकर यात्रियों की जिंदगी से खिलवाड़ कर रहे हैं। मनमानी का आलम यह है कि रोडवेज बसों में बैठकर ही शराब पार्टी की जा रही है और कोई देखने वाला नहीं है। ऐसे ही एक शराबी रोडवेज बस ड्राइवर को रोडवेज बस में दोस्तों के साथ दारू पार्टी करते हुए ‘अमृत विचार’ की टीम ने अपने कैमरे में कैद कर लिया। यह बस चालक अपने दोस्तों के साथ बैठकर बस के अंदर ही शराब पी रहा था।
बुधवार रात सेटेलाइट बस अड्डे पर चालक ने निगम के नियमों की धज्जियां उड़ाकर रख दीं। चालक ने अपने दोस्तों को बुलाया और रोडवेज बस के अंदर ही शराब पीना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची दैनिक ‘अमृत विचार’ की टीम ने शराब पार्टी का स्टिंग कर लिया। चालक और उसके दोस्तों के बस के अंदर बैठकर दारू पीते हुए वीडियो बना ली।
संवाददाता यह कहते हुए बस में चढ़ा कि बस कहां जा रही है। इसी दौरान वीडियो भी बनाई। इस प्रकरण को लेकर जब वरिष्ठ अधिकारी से सवाल किए गए तो उनका जवाब भी बेतुका था। कहने लगे कि चालक अपने फेरे पूरे कर चुका है। इसलिए दोस्तों के साथ बस में एंज्वाय कर रहे हैं। अधिकारी के इस जवाब से स्पष्ट होता है कि चालकों को रोडवेज बस में शराब पीने की खुली छूट है।
बुधवार रात बरेली डिपो की बस यूपी 27 टी 9393 में सेटेलाइट बस अड्डे के पास खड़ी थी। चालक और उसके दो मित्र खड़ी बस में शराब पी रहे थे। मामले की सूचना जब आरएम आरके त्रिपाठी के पास पहुंची तो उन्होंने तत्काल एआरएम रुहेलखंड भुवनेश्वर कुमार को मौके पर भेजकर जांच कराई जिसमें चालक के दोस्तों के दारू पीने की बात की पुष्टि हुई। एआरएम को मौके पर शराब के दो क्वार्टर, चखना, पानी की बोतल और गिलास भी मिले। बस चालक के साथ उसके मित्र भी बैठे थे।
पूछने पर उन्होंने बताया कि उनकी बस के फेरे पूरे हो चुके हैं। इसलिए उन्होंने यहां शराब पी थी। जांच के बाद एआरएम ने आरएम आरके त्रिपाठी को मामले से अवगत कराया। इस मामले में आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इसका अधिकारियों ने अभी तक स्पष्ट जवाब नहीं दिया लेकिन बस के अंदर बैठकर शराब पीना परिवहन निगम के नियमों की धज्जियां उड़ाना है। सूत्रों की मानें तो इस पूरे मामले को अधिकारी रफा-दफा करने में जुटे हुए हैं। इधर, आरएम का कहना है कि मामले की जांच कराई गई है।
“मैंने मौके पर जाकर देखा तो चालक अपने दोस्तों के साथ बस के अंदर शराब पी रहे थे। बाद में पता चला कि वह अपने फेरे पूरी कर चुके थे। मामले की सूचना आरएम को दे दी गई है। उन्हीं के स्तर से आगे की कार्रवाई होगी।” -भुवनेश्वर कुमार, एआरएम, रुहेलखंड डिपो
