ममता बोलीं- चुनाव आयोग अमित शाह के इशारों पर कर रहा काम, जाएंगे अदालत
नंदीग्राम। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र में छिटपुट हिंसा की घटनाओं के बीच बृहस्पतिवार को निर्वाचन आयोग की निन्दा की और आरोप लगाया कि उनकी पार्टी द्वारा चुनाव संबंधी कई शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद चुनाव इकाई कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने इस मुद्दे पर अदालत जाने …
नंदीग्राम। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम निर्वाचन क्षेत्र में छिटपुट हिंसा की घटनाओं के बीच बृहस्पतिवार को निर्वाचन आयोग की निन्दा की और आरोप लगाया कि उनकी पार्टी द्वारा चुनाव संबंधी कई शिकायत दर्ज कराए जाने के बावजूद चुनाव इकाई कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने इस मुद्दे पर अदालत जाने की धमकी दी।
नंदीग्राम के बोयाल में बूथ नंबर सात के बाहर व्हीलचेयर पर बैठीं बनर्जी ने कहा, ”हमने सुबह से 63 शिकायत दर्ज कराई हैं। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई है। हम इसे लेकर अदालत जाएंगे। यह अस्वीकार्य है।” उन्होंने आरोप लगाया, ”निर्वाचन आयोग अमित शाह के इशारे पर काम कर रहा है।” बनर्जी ने कहा, ”दूसरे राज्यों से आए गुंडे यहां व्यवधान उत्पन्न कर रहे हैं।” तृणमूल कांग्रेस प्रमुख काफी समय से यह आरोप लगाती रही हैं कि मतदाताओं को धमकाने के लिए उनके प्रतिद्वंद्वी दूसरे राज्यों से गुंडे लेकर आए हैं।
बनर्जी नंदीग्राम से अपने पूर्व सहयोगी शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं जो तृणमूल कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे। तृणमूल कांग्रेस ने बूथ नंबर सात पर पुनर्मतदान कराए जाने की मांग की है और आरोप लगाया कि उसके कार्यकर्ताओं को भाजपा समर्थकों ने पीटा।
अधिकारी ने इन आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि राज्य में सत्तारूढ़ पार्टी हार रही है। इससे पूर्व, बनर्जी जब बोयाल पहुंचीं तो भाजपा समर्थकों ने ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और तब जाकर भीड़ तितर-बितर हुई।
ममता बनर्जी ने की राज्यपाल से शिकायत
तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी ने बताया कि उन्होंने राज्यपाल जगदीप धनखड़ और निर्वाचन आयोग के वरिष्ठ अधिकारी को फोन कर चुनाव संबंधी कुछ मुद्दों की सूचना दी है। हालांकि, बनर्जी ने इसकी विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। तृणमूल कांग्रेस पार्टी के सूत्रों के मुताबिक पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने नंदीग्राम विधानसभा सीट के बोइला मतदान केंद्र से राज्यपाल धनखड़ को फोन किया और आरोप लगाया कि भाजपा के कार्यकर्ता उनकी पार्टी के समर्थकों को मतदान करने नहीं दे रहे हैं। मतदान केंद्र से बाहर आने के बाद संवाददाताओं से बातचीत करते हुए बनर्जी ने कहा, ”हां, मैंने राज्यपाल और निर्वाचन आयोग के विशेष पर्यवेक्षक से बात की है। मैं उनके साथ हुई चर्चा का खुलासा नहीं कर सकती।”
धनखड़ ने पुष्टि की कि उन्हें ममता बनर्जी का फोन कॉल आया था। राज्यपाल ने बताया कि संबंधित अधिकारी को उनके द्वारा उठाए गए ‘मुद्दे’ से अवगत करा दिया गया है। उन्होंने कहा कि कानून का राज सुनिश्चित करने के लिए सभी कदम उठाए जा रहे हैं। धनखड़ ने ट्वीट किया, ”ममता बनर्जी द्वारा कुछ देर पहले फोन पर उठाए गए मुद्दे से संबधित अधिकारी को अवगत करा दिया गया है…सबंधित अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि कानून का पालन किया जाएगा।” उन्होंने कहा, ” मुझे विश्वास है कि सभी उचित भावना और ईमानदारी के काम करेंगे ताकि लोकतंत्र फले-फूले।”
