बरेली: बासमंडी में शराब की दुकान खुलने पर हंगामा
बरेली,अमृत विचार। बासमंडी में मंदिर के पास शराब की नई दुकान खोलने को लेकर दूसरे दिन भी स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर सड़क को जाम कर दिया। लोग दुकान खुलने के विरोध में जमकर नारेबाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर सीओ प्रथम और कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने …
बरेली,अमृत विचार। बासमंडी में मंदिर के पास शराब की नई दुकान खोलने को लेकर दूसरे दिन भी स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन कर सड़क को जाम कर दिया। लोग दुकान खुलने के विरोध में जमकर नारेबाजी कर रहे थे। सूचना मिलने पर सीओ प्रथम और कोतवाल फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने किसी तरह हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराया जिसके बाद लोग सड़क से हटे। वहीं, मोहल्ले के लोगों ने शराब की दुकान के ठेकेदार पर हमला करने का भी आरोप लगाया है।
कोतवाली क्षेत्र के बासमंडी कटिकुइंया में गणेश मंदिर के पास शराब की दुकान खोलने के विरोध में गुरुवार को स्थानीय लोगों ने हंगामा किया था। उसके बाद पुलिस ने किसी तरह मामले का शांत करा दिया था। अब मोहल्ले के लोगों ने बताया कि दुकान का ठेकेदार शुक्रवार को दुकान में माल भरने के लिए पहुंचा। इसकी जानकारी होने पर स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। बताया जाता है कि दुकान में माल भरने के लिए आए लोगों के हाथ में लोहे की रॉड थी।
स्थानीय लोगों के साथ पैनी नजर सामाजिक संस्था की अध्यक्ष एडवोकेट सुनीता गंगवार दुकान के बाहर धरने पर बैठ गईं। क्षेत्र के लोगों के हंगामे की वजह से सड़क पर जाम लग गया। वहीं, हंगामा बढ़ता देख कोतवाली पुलिस के साथ सीओ प्रथम दिलीप कुमार भी मौके पर पहुंच गए। उसके बाद दुकान खोलने आए लोग भी वहां से भाग गए। पुलिस ने किसी तरह स्थानीय लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया। वहीं, दुकान मालिक मुरली मनोहर ने बताया कि उन्होंने अपनी पत्नी के इलाज के लिए ब्याज पर पैसा लिया था जिसके चलते उसे चुकाने के लिए उन्होंने दुकान किराए पर दी है।
