बरेली: कुलपति की संस्तुति पर डीएम लेंगे उच्च शिक्षण संस्थान बंद करने का निर्णय

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना के मामले बढ़ने के चलते पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। विश्वविद्यालय, महाविद्यालय व अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों को खोलकर भौतिक कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लेने का अधिकार शासन ने कुलपति और जिलाधिकारी को दिया है। कुलपति की संस्तुति पर जिलाधिकारी …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना के मामले बढ़ने के चलते पहली से आठवीं कक्षा तक के स्कूल 11 अप्रैल तक बंद कर दिए गए हैं। विश्वविद्यालय, महाविद्यालय व अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों को खोलकर भौतिक कक्षाएं संचालित करने का निर्णय लेने का अधिकार शासन ने कुलपति और जिलाधिकारी को दिया है। कुलपति की संस्तुति पर जिलाधिकारी आदेश जारी करेंगे।

बरेली जिले में जल्द ही इस संबंध में कुलपति बैठक करके निर्णय लेंगे। बरेली व आसपास के जिलों में अभी इतनी स्थिति खराब नहीं है लेकिन लगातार बढ़ रहे केस चिंता जरूर बढ़ा रहे हैं। ऐसे में यदि हालात बिगड़े तो भौतिक कक्षाओं पर रोक लगाकर सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं ही संचालित की जाएंगी।

यदि भौतिक कक्षाएं बंद करने का निर्णय लिया जाता है तो उसके लिए भी दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्थानीय स्तर पर निर्धारित अवधि में शिक्षण कार्य संस्थान परिसर में न होकर ऑनलाइन किए जाएंगे। इससे पहले 25 से 31 मार्च तक होली की छुट्टी के बीच में भौतिक कक्षाओं पर रोक लगाई गई थी और सिर्फ ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की गईं।

इससे पहले बीते वर्ष नवंबर माह तक भौतिक कक्षाएं बंद रही थीं। ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के निर्देश थे लेकिन अधिकांश महाविद्यालयों में ऑनलाइन कक्षाएं संचालित करने के इंतजाम ही नहीं थे। अब एक बार फिर ऑनलाइन कक्षाएं भी चलना मुश्किल ही है। नए दिशा निर्देशों के तहत जिन संस्थानों में परीक्षाएं, प्रयोगात्मक परीक्षाएं चल रही हैं, वह यथावत संचालित की जाएंगी लेकिन कोरोना नियमों का पालन करना होगा।

परीक्षा के दौरान प्रत्येक पाली से पहले संस्थान को सैनेटाइज किया जाएगा। कक्ष में भी 6 फिट की दूरी बनायी जाए। खांसी, जुकाम व बुखार होने पर छात्र को वापस भेज दिया जाएगा और उसकी कोविड जांच करानी होगी। हालांकि अभी तक कोरोना नियमों का पालन परीक्षा के दौरान नहीं किया जा रहा है। आने वाले दिनों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं और मुख्य परीक्षाओं का भी संचालन होना है।

इसके अलावा बाहरी विक्रेता को परिसर के अंदर सामान बिक्री की अनुमति न दी जाए। इधर, विश्वविद्यालय के मीडिया प्रभारी डा अमित सिंह ने बताया कि जल्द ही कुलपति इस संबंध में बैठक कर निर्णय लेंगे। बरेली जनपद के हालात के आधार पर ही भौतिक कक्षाओं का संचालन किया जाएगा।

संबंधित समाचार