बरेली: पुरानी जेल के जंगलों में लगी आग से मची खलबली
बरेली,अमृत विचार। गर्मी शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। तेज हवाएं चलने से आग विकराल रूप ले रही हैं। रोजाना 10 से 12 सूचनाएं आग लगने की फायर विभाग के पास पहुंच रही हैं, जिनमें अधिकांश खेतों व जंगलों की हैं। रविवार की दोपहर पुरानी जिला जेल के जंगलों में आग …
बरेली,अमृत विचार। गर्मी शुरू होते ही आग लगने की घटनाएं बढ़ गई हैं। तेज हवाएं चलने से आग विकराल रूप ले रही हैं। रोजाना 10 से 12 सूचनाएं आग लगने की फायर विभाग के पास पहुंच रही हैं, जिनमें अधिकांश खेतों व जंगलों की हैं। रविवार की दोपहर पुरानी जिला जेल के जंगलों में आग लग गई।
तेज हवा से आग पास की जेल रोड कॉलोनी तक पहुंचने लगी। इससे कॉलोनी के लोग परेशान हो गए। लोग खुद ही घरों से पाइप निकाल लाए और पानी का छिड़काव कर आग बुझाने लगे। सूचना पर कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिग्रेड की टीम पहुंची। फायर ब्रिग्रेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
पुरानी जिला जेल की जमीन पर पहले खेती होती थी लेकिन जेल बिथरी चैनपुर में शिफ्ट होने के बाद से कोई देखरेख नहीं हो रही है। पेड़ों के पत्ते इकट्ठे हो गए हैं। गर्मी में पत्ते सूख गए। यही नहीं खाली पड़ी जमीन पर स्मैकियों व अपराधियों ने भी अड्डा बना लिया है। एक झोपड़ी भी किसी ने बना ली है।
रविवार को एक स्थान पर किसी तरह से आग लग गई। धीरे-धीरे आग ने विकराल रूप ले लिया। सूखे पत्ते तेज हवा में तेजी से जलने लगे। आग का धुंआ सर्किट हाउस तक नजर आ रहा था। आसपास की कॉलोनी के घरों में भी धुंआ भर गया। आग तेजी से जेल रोड कॉलोनी तक पहुंचने लगी तो यहां के रहने वाले लोग परेशान हो गए। चौड़ा नाला होने के चलते आग कॉलोनी में नहीं पहुंची।
कॉलोनी में रहने वाले कुछ लोगों ने घरेलू पाइप से पानी का छिड़काव कर और बाल्टी का इस्तेमाल करके आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि कई लोग घरों की छत से तमाशा देखकर वीडियो बनाने में व्यस्त दिखे। आग की सूचना पर सबसे पहले कोतवाली थाना प्रभारी पंकज पंत टीम के साथ पहुंचे। उन्होंने फायर ब्रिग्रेड को मौके पर बुलाया। पहले तो फायर ब्रिग्रेड ने कॉलोनी के रास्ते जाने का प्रयास किया लेकिन रास्ता संकरा होने के चलते खाली पड़े मैदान से जाकर आग को बुझाया।
तेज हवा से हो रही दिक्कत
गर्मी में सभी पेड़, पत्ते सूखे हुए हैं। फसल भी पककर सूख चुकी है। कहीं भी आग लगने के बाद यह तेजी से फैल जा रही है और पूरा इलाका जल जा रहा है। खेतों में आग लगने से कई बीघा फसल जल रही है। फायर ब्रिग्रेड के अधिकारियों के मुताबिक रोजाना 10 से 12 आग लगने की सूचनाएं आ रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा आग खेतों में लगने की हैं। कई जगह जंगलों में भी आग लग रही है। कई जगह एक साथ आग लगने से इसे बुझाने में भी परेशानी हो रही है।
