मुरादाबाद : मह‍िला के साथ छेड़खानी कर रहे थे युवक, विरोध करने पर पार्षद को पीटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में महिला के साथ हुई छेड़खानी का विरोध करने पहुंचे पार्षद के भाई को भारी पड़ गया। आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर जब पार्षद पहुंचे तो छेड़छाड़ करने वालों ने उनको भी नहीं बख्शा। पार्षद व उनके भाई को पीटने के बाद जान से मारने की …

मुरादाबाद, अमृत विचार। मझोला थाना क्षेत्र में महिला के साथ हुई छेड़खानी का विरोध करने पहुंचे पार्षद के भाई को भारी पड़ गया। आरोपियों ने उनकी पिटाई कर दी। सूचना पर जब पार्षद पहुंचे तो छेड़छाड़ करने वालों ने उनको भी नहीं बख्शा। पार्षद व उनके भाई को पीटने के बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को मेडिकल कराया। पार्षद ने रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए तहरीर दे दी है।

मामला मझोला थाना क्षेत्र के जयंतीपुर का है। यहां पर रहने वाले स्थानीय निवासी सद्दाम वार्ड के पार्षद हैं। बताते हैं कि क्षेत्र के कुछ मनचले एक महिला के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। इससे पहले भी वह कई बार महिला को परेशान कर चुके थे। शनिवार की रात उन्होंने फिर महिला के साथ छेड़छाड़ की तो उसने इसकी शिकायत पार्षद के भाई दानिश से की। जिस पर दानिश भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने छेड़छाड़ करने का विरोध किया।

आरोप है कि इस पर वह लोग हमलावर हो गए और मारपीट करने लगे। बुरी तरह से मारपीट कर दानिश को घायल कर दिया। किसी तरह उसने इसकी सूचना अपने पार्षद भाई सद्दाम को सूचना दी। जिस पर वह भी मौके पर आ गए। आरोप है कि हमलावरों ने उनके साथ भी मारपीट की। शोर-शराबा होने पर भीड़ बढ़ी तो सभी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनको शनिवार की देर रात जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पार्षद ने रविवार को आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को मझोला थाने में तहरीर दे दी है। मझोला एसओ मुकेश शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।

संबंधित समाचार