अल्मोड़ा: मल्ला महल को हैरिटेज बनाने के लिए कवायद तेज, पर्यटन सचिव ने दिए ये निर्देश…
अल्मोड़ा, अमृत विचार। मल्ला महल को हैरिटेज के रूप में विकसित करने के लिए जो कार्य किए जा रहे हैं, उनमें तेजी लाई जाए। निर्माण कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता का पूरा पूरा ख्याल रखा जाए। ताकि इस धरोहर को देश विदेश के सैलानी यहां आकर देख सकें। यह बात पर्यटन और संस्कृति सचिव दिलीप …
उन्होंने कहा कि एडीबी सहायतित इस योजना को समय पर पूर्ण किया जाना है। इसके लिए अगर जरूरत पड़ी तो राज्य योजना से अतिरिक्त संसाधन मुहैया कराए जाएंगे। सचिव ने कहा कि ऐतिहासिक मल्ला महल और रानी महल को विश्वस्तरीय संग्रहालय और हैरिटेज के रूप में विकसित किया जाना है।
ताकि यहां आने वाले पर्यटक अल्मोड़ा और कुमाऊं के स्थापत्य कला की जानकारी प्राप्त कर सकें। उन्होंने कहा कि यहां गैलरी के माध्यम से सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक जानकारियां प्रदान करने की प्रयास किया जाएगा। ताकि पर्यटक यहां आकर सुखद अहसास कर सकें। इस मौके पर पर्यटन सचिव ने अधिकारियों की बैठक लेकर इस कार्य में आ रही दिक्कतों के बारे में जानकारी प्राप्त की और शासन स्तर पर लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
बैठक में डीएम नितिन भदौरिया, सीडीओ नवनीत पांडे, एडीएम बीएल फिरमाल, एसडीएम शिप्रा पांडे, पर्यटन अधिकारी राहुल चौबे, चंद्र सिंह चौहान, राकेश जोशी, मनोहर लाल समेत अनेक अधिकारी मौजूद रहे।
