बरेली: साढ़े छह हजार लेकर एएनएम ने कराया टीन शेड में प्रसव, वीडियो वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। जिले की मीरगंज तहसील में साढ़े छह हजार रुपये लेकर संविदा पर तैनात एएनएम ने टीन शेड के नीचे प्रसव करा दिया। अब इसका वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। परिजनों ने बताया कि जिला महिला अस्पताल में जांच के बाद एएनएम ने केस खराब होने …

बरेली, अमृत विचार। जिले की मीरगंज तहसील में साढ़े छह हजार रुपये लेकर संविदा पर तैनात एएनएम ने टीन शेड के नीचे प्रसव करा दिया। अब इसका वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग में खलबली मची हुई है। परिजनों ने बताया कि जिला महिला अस्पताल में जांच के बाद एएनएम ने केस खराब होने की बात कहकर उसे डराया था। मामले की जांच के आदेश दिए गए हैं।

वायरल वीडियो में महिला के परिजन बता रहे हैं कि उन्हें एएनएम के बारे में एक आशा ने बताया था। तहसील के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के उपकेंद्र में संविदा पर तैनात एएनएम का निजी क्लीनिक भी है। उससे नौ हजार रुपये में दवाई सहित प्रसव की बात हुई थी। जिसके बाद एएनएम ने टीन शेड के नीचे महिला का प्रसव करा दिया। हालांकि, महिला ने स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया। बच्चे जन्म के बाद लेन-देन की बातचीत हो रही थी। इसी बीच तीमारदार ने वीडियो बना ली। वीडियो में एएनएम साढ़े छह हजार रुपये लेते दिख रही है।

ऐसे डराया गया प्रसूता को
परिजनों ने बताया कि गर्भवती होने के बाद एक बार सिर्फ जिला महिला अस्पताल में खून की जांच कराई थी। जिसके बाद एक आशा ने क्षेत्र में ही एएनएम के बारे में जानकारी दी। इसके बाद यहीं से उनका इलाज चलाया गया। एएनएम ने बताया कि सरकारी अस्पताल में जाने से आपका केस खराब हो सकता है। वायरल वीडियो में उसने एमटीपी करने की भी बात कही।

जांच की बात कह रहे अफसर
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा अधीक्षक डा. अमित ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। शिकायत मिलने पर संबंधित एएनएम के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. एसके गर्ग ने बताया कि एएनएम के खिलाफ टीम गठित कर जांच देने को लेकर निर्देशित किया गया है।

संबंधित समाचार