बरेली: संदेश भेजकर प्रेमिका से कहा, मैं मरने जा रहा हूं…
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर के मोहल्ला नहर कोठी निवासी युवक बहेड़ी के जोखनपुर गांव में आग से झुलस सोमवार को जल गया था। परिजनों का आरोप है कि उसको जलाया गया जबकि पुलिस प्रकरण को प्रेम प्रसंग बता रही है। पुलिस के अनुसार युवक ने प्रेमिका को मोबाइल से संदेश भेजकर कहा कि वह मरने …
बरेली, अमृत विचार। फरीदपुर के मोहल्ला नहर कोठी निवासी युवक बहेड़ी के जोखनपुर गांव में आग से झुलस सोमवार को जल गया था। परिजनों का आरोप है कि उसको जलाया गया जबकि पुलिस प्रकरण को प्रेम प्रसंग बता रही है। पुलिस के अनुसार युवक ने प्रेमिका को मोबाइल से संदेश भेजकर कहा कि वह मरने के लिए जा रहा है। उधर, लड़के के घर वालों का कहना है कि उनके बेटे को जलाकर मारने का प्रयास किया गया था।
नहर कोठी का रहने वाला आकाश तोमर जोखनपुर गांव में झुलसा हुआ मिला था। हादसे के बाद युवक का एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें युवक जोखनपुर के हासिम नाम के एक युवक पर जलाने का आरोप लगा रहा है। उधर, आकाश के भाई का कहना है कि हासिम ने रुपये देने के लिए उसे बुलाया था। इसके बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर, पुलिस का कहना है कि युवक और युवती के बीच बहुत पहले से प्रेम संबंध हैं। पुलिस ने बताया कि 31 मार्च को लड़की अपनी बहन की शादी में जोखनपुर गांव आई थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग तो था लेकिन युवती ने प्रेमी को इसकी जानकारी नहीं दी। जब युवक को पता चला तो वह जोखनपुर गांव पहुंच गया। वहां पर लड़के और लड़की के बहनोई के बीच बातचीत होने लगी। इसके बाद युवक ने आग लगा ली।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद युवक ने प्रेमिका के मोबाइल पर संदेश भेजा। उसमें युवक ने मरने की बात कही है। इंस्पेक्टर गीतेश कपिल ने बताया कि युवक और युवती के बीच हुई काफी चैटिंग पुलिस को मिली है। उधर, युवक और युवती दोनों के ही घर वाले प्रेम प्रसंग की बात से इनकार कर रहे हैं। लड़के पक्ष का कहना है कि आकाश को जोखनपुर गांव में बुलाकर जलाया गया है। पुलिस का कहना है कि वह साक्ष्य एकत्र कर रही है। साक्ष्य मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
जांच में मामला प्रेम प्रसंग का सामने आया है। आग लगने से कुछ मिनट पहले लड़के ने लड़की के मोबाइल पर मेसेज भेजा है। पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है। – गीतेश कपिल, इंस्पेक्टर बहेड़ी।
