कोरोना का कहर: लखनऊ में आज से रात्रिकालीन कर्फ्यू, 15 तक सभी शिक्षण संस्थान बंद
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए आज यानी गुरुवार से रात्रिकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। इस आदेश के बाद रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण …
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी में तेजी से बढ़ रहे कोरोना संक्रमण को देखते हुए आज यानी गुरुवार से रात्रिकालीन कर्फ्यू लगा दिया गया है। इस आदेश के बाद रात 9 बजे से सुबह 6 बजे तक लोगों को घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं होगी। वहीं, जिले के सभी सरकारी व गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों को 15 तक के लिए बंद कर दिया गया है। यह आदेश जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश की ओर से जारी किया गया है। बताया जा रहा है कि यह रात्रिकालीन कर्फ्यू 16 की सुबह तक रहेगा।
आदेश के मुताबिक,लखनऊ में पार्क सुबह 7 बजे से 10 बजे और शाम 4 से 8 बजे के मध्य ही खुलेंगे। पार्क में प्रवेश करने वाले व्यक्ति को मास्क लगाना और सोशल डिस्टेंसिंग बनाये रखना आवश्यक होगा। पार्क में 65 वर्ष से अधिक उम्र के, गर्भवती महिलाएं और दस वर्ष से नीचे के बच्चों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही एक से अधिक बीमारी वाले व्यक्ति को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि चिकित्सा, नर्सिंग एवम् पैरा मेडिकल संस्थानों को छोड़ कर समस्त सरकारी, गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थान और कोचिंग संस्थान 15 तक बंद करने के आदेश दिए हैं। हालांकि इस दौरान शैक्षणिक संस्थानों में परीक्षाएं / प्रैक्टिकल कोविड 19 प्रोटोकॉल का कठोरता से अनुपालन करते हुए आयोजित किए जा सकेंगे।
बता दें कि बुधवार रात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया था कि जिन जिलों में 500 से अधिक कोविड के केस हैं, वहां रात 9 बजे से सुबह 6 तक नाइट कर्फ्यू-प्रतिबंध डीएम अपने-अपने जिलों में लगाएं। मुख्यमंत्री ने कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित 13 जिलों की स्थिति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये समीक्षा करते हुए कहा कि लखनऊ, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर नगर, गोरखपुर, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, झांसी, बरेली, गाजियाबाद, आगरा, सहारनपुर और मुरादाबाद जिले में कोविड संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां केस की संख्या अधिक है।
