बरेली: सीसीटीवी कैमरे लगे फिर भी नकल पर रोक नहीं
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के लिए महाविद्यालयों में बने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकार्डर लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम परीक्षा केंद्र के अलावा विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी के दफ्तर में भी बनाए गए हैं लेकिन इन कैमरों की कंट्रोल रूम …
बरेली, अमृत विचार। एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की परीक्षाओं को नकल विहीन कराने के लिए महाविद्यालयों में बने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और वायस रिकार्डर लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों के कंट्रोल रूम परीक्षा केंद्र के अलावा विश्वविद्यालय और क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी के दफ्तर में भी बनाए गए हैं लेकिन इन कैमरों की कंट्रोल रूम में मॉनिटरिंग ही नहीं होती है। यही वजह है कि सेमेस्टर परीक्षाओं में लगातार नकल पकड़ी जा रही है।
बरेली कॉलेज में भी गुरुवार को परीक्षा के दौरान कंट्रोल रूम में कोई मॉनिटरिंग नहीं हो रही थी। सीसीटीवी कैमरों की डिस्प्ले भी बंद पड़ी थी। विश्वविद्यालय के डा. अमित सिंह, डा. रामबाबू सिंह और डा. विमल कुमार के सचल दल ने गुरुवार को खंडेलवाल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी और सूरजभान डिग्री कॉलेज में निरीक्षण किया। सचल दल ने परीक्षा केंद्रों के अध्यक्ष और कक्ष निरीक्षकों को दिशा-निर्देश दिए।
तीन दिन पहले धामपुर के एक महाविद्यालय में सीसीटीवी कैमरों में सामूहिक नकल कैद हुई थी लेकिन इसकी मॉनिटरिंग नहीं हो रही थी। यहां तक कि सचल दल के द्वारा सामूहिक नकल पकड़े जाने और सीसीटीवी कैमरे में खिड़कियों से नकल की पर्चियां फेंकने के की रिकार्डिंग के बावजूद कोई कार्रवाई विश्वविद्यालय प्रशासन ने नहीं की है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी परीक्षाओं को नकल विहीन कराने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए महाविद्यालयों के सचल दल के अलावा विश्वविद्यालय के भी सचल दल बनाए गए हैं। इसके अलावा सीसीटीवी कैमरों से भी मॉनिटरिंग के निर्देश हैं लेकिन सेमेस्टर परीक्षाओं के दौरान इसे गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
सेमेस्टर परीक्षाओं में रोजाना विश्वविद्यालय का सचल दल निरीक्षण के दौरान नकल पकड़ रहा है। दो महाविद्यालयों में सामूहिक नकल भी पकड़ी जा चुकी है। अब तक सचल दल ने ही 15 से अधिक छात्रों को नकल के साथ पकड़ा है। मई महीने में स्नातक और परास्नातक पाठ्यक्रमों की मुख्य परीक्षाएं भी आयोजित होंगी। सेमेस्टर परीक्षाओं के तहत इन परीक्षाओं में भी हीलाहवाली की गई तो नकल पर रोक नहीं लग सकेगी।
