बरेली: कुछ दिन पहले बनाई सड़क फिर खोद डाली
बरेली, अमृत विचार। ईसाइयों की पुलिया के पास सीवर लाइन निर्माण के लिए फिर से बनी हुई सड़क खोद दी गई। चौराहे पर श्यामगंज को जाने वाली सड़क खोदने से दिन भर जाम में वाहन फंसते रहे। श्यामगंज के पास भी मोड़ पर निर्माण कार्य की वजह से रास्ता बंद होने से दिक्कत हो रही …
बरेली, अमृत विचार। ईसाइयों की पुलिया के पास सीवर लाइन निर्माण के लिए फिर से बनी हुई सड़क खोद दी गई। चौराहे पर श्यामगंज को जाने वाली सड़क खोदने से दिन भर जाम में वाहन फंसते रहे। श्यामगंज के पास भी मोड़ पर निर्माण कार्य की वजह से रास्ता बंद होने से दिक्कत हो रही है। सभी स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी भी लग रही है लेकिन कहीं पर कार सड़क किनारे तो कहीं ऑटो-टेंपो खड़े होने से जाम लग जाता है।
सेटेलाइट से श्यामगंज तक रोजाना जाम लग रहा है। ईसाइयों की पुलिया से बियावानी कोठी तक अभी तक निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। निर्धारित समय से एक महीना अधिक हो चुका है। बियावानी कोठी की तरफ से पत्थर डालने का काम शुरू तो हुआ लेकिन इसकी गति काफी धीमी है। ईसाइयों की पुलिया का रास्ता बंद होने की वजह से वाहन मालियों की पुलिया से गलत दिशा में निकलते हैं, जिससे रोजाना जाम लग रहा है।
शनिवार को ईसाइयों की पुलिया चौराहे पर श्यामगंज को जाने वाले रास्ते पर मशीनें लगाकर सड़क खोद दी गई। इसकी वजह से रास्ता संकरा हो गया। यही वजह रही कि दिन भर जाम लगता रहा। यहां पर जाम लगने के बाद वाहन मालियों की पुलिया और फिर श्यामगंज में जाम में फंसे।
धूल से हो रही परेशानी
बियावानी कोठी से गांधी उद्यान होते हुए चौकी चौराहा तक सड़क न बनने से परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। पत्थर व रेत डालकर वाहनों का आवागमन शुरू कर दिया गया लेकिन गर्मी में तेज हवाओं और वाहनों के आवागमन से काफी धूल उड़ रही है। धूल से सबसे ज्यादा दिककत बाइक, ऑटो सवारों को हो रही है। इसके अलावा रास्ते में पड़ने वाले अस्पताल व दुकानदार संचालक भी परेशान हैं।
