बरेली: सैलानी पर चीता मोबाइल के सिपाहियों ने फाड़े धार्मिक पोस्टर
बरेली, अमृत विचार। पुलिस पर शांति व्यव्स्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है लेकिन पुलिस ने ही रमजान और नवरात्र से पहले शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की। सैलानी पर चीता मोबाइल के सिपाहियों ने दीवारों पर लगे धार्मिक पोस्टर फाड़कर नाली में फेंक दिए। उसके बाद आसपास के लोगों ने उसका विरोध किया …
बरेली, अमृत विचार। पुलिस पर शांति व्यव्स्था बनाए रखने की जिम्मेदारी है लेकिन पुलिस ने ही रमजान और नवरात्र से पहले शहर का माहौल खराब करने की कोशिश की। सैलानी पर चीता मोबाइल के सिपाहियों ने दीवारों पर लगे धार्मिक पोस्टर फाड़कर नाली में फेंक दिए। उसके बाद आसपास के लोगों ने उसका विरोध किया तो पुलिसकर्मी अभद्रता करने लगे।
इसके बाद काफी लोग मौके पर जमा हो गए। मुस्लिम समुदाय में इस हरकत से आक्रोश है। बारादरी इंस्पेक्टर से मामले की शिकायत करने के बाद चीता सिपाही वापस लौट गए।
महंत नरसिहानंद के खिलाफ पहले से ही मुस्लिम समुदाय में आक्रोश है। कई दिनों से धरना-प्रदर्शन चल रहा है। एक तरह से तनाव जैसा माहौल है। मुस्लिम इलाकों में लोग नरसिंहानंद के विरोध में उतर आए है। पैंगंबर ए इस्लाम से मोहब्बत के समर्थन में बारादरी क्षेत्र के सैलानी में मुस्लिम समाज के लोगों ने मोहम्मद साहब के नाम लिखे पोस्टर दीवार पर लगाए थे। जमात रजा मुस्तफा के प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि सोमवार की दोपहर में श्यामगंज चौकी के दो सिपाही चीता मोबाइल से आए। उसके बाद एक मकान की दीवार पर लगे पोस्टर को फाड़ने के बाद नाली में फेंक दिया।
उसके बाद आसपास के लोगों की सूचना पर जमात रजा मुस्तफा के प्रवक्ता समरान खान मौके पर पहुंच गए। उन्होंने सिपाहियों से पोस्टर फाड़ने की वजह पूछी तो वह कहने लगे कि एसएसपी सर का आदेश मिलने के बाद वह पोस्टर को फाड़ रहे हैं। एसएसपी का आदेश दिखाने की बात पर सिपाही इंस्पेक्टर का आदेश बताने लगे, जिसके बाद समरान खान ने बारादरी इंस्पेक्टर से मामले की वजह पूछी तो उन्होंने सिपाहियों को थाने बुला लिया। जमात रजा मुस्तफा की ओर से सिपाहियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायत की गई है।
घटना छुपाने में लगे रहे बारादरी इंस्पेक्टर
चुनाव और धारा 144 लागू होने के बाद भी बारादरी पुलिस संवेदनशील घटनाओं को लेकर अलर्ट नहीं है। अधिकारी छोटी से सूचना पर तत्काल मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश अधिकारियों को दे रहे हैं। सैलानी में धार्मिक पोस्टर चीता पर तैनात सिपाहियों द्वारा फाड़ने के बाद क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों ने मामले की शिकायत बारादरी इंस्पेक्टर से की। बारादरी इंस्पेक्टर से घटना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने जानकारी होने से इंकार कर दिया।
“धार्मिक पोस्टर फाड़ने की सूचना मिली है। बारादरी इंस्पेक्टर से मामले की जांच के लिए बोला गया है। अगर तहरीर मिलती है तो मुकदमा दर्ज करने के बाद कार्रवाई की जाएगी।” -श्वेता कुमारी, सीओ तृतीय
