बरेली: महानगर कॉलोनी के मैदान में मिला शव, हत्या की आशंका

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। महानगर में डंपिग ग्राउंड में चौकीदार के कमरे में युवक का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। प्रार्थना पत्र पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। शव अकड़ गया था, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कई घंटे पहले …

बरेली, अमृत विचार। महानगर में डंपिग ग्राउंड में चौकीदार के कमरे में युवक का शव मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। प्रार्थना पत्र पर पहुंची पुलिस और फारेंसिक टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया है। शव अकड़ गया था, इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि युवक की मौत कई घंटे पहले हुई है। घटना स्थल से पुलिस को कई चीजें मिले हैं। उन्हीं के आधार पर पुलिस जांच कर रही है।

इज्जतनगर धौरेरा माफी निवासी अमर सिंह पटेल ने बताया कि उनका भांजा राजेन्द्र सिंह पटेल (45) वाहन चालक था और मुंशी नगर में रहने वाले एक व्यक्ति की कार चलाते थे। जिससे वह अपना और परिवार का पालन पोषण करता था। सोमवार को भी वह गाड़ी चलाने गया था। उसके बाद से घर नहीं आया। परिवार वालों ने काफी तलाश किया लेकिन वह नहीं मिला।

पीड़ित के मुताबिक सुबह लगभग नौ बजे परिवार को सूचना मिली की महानगर में डंपिंग ग्राउंड में बने चौकीदार के कमरे में किसी का शव पड़ा है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और राजेन्द्र की शिनाख्त कर ली। उन्होंने मामले की सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं अमर सिंह पटेल के मुताबिक परिवार को संदेह है कि किसी ने राजेन्द्र की जहर देकर हत्या की है।

मृतक राजेन्द्र के बेटे जीतू ने बताया कि उनके पिता कभी कभी शराब पीते थे। मृतक के बेटे जीतू ने पुलिस को हत्या की तहरीर भी सौंप दी है। इज्जतनगर इंस्पेक्टर नीरज कुमार ने बताया कि राजेन्द्र की मौत के मामले में पुलिस जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार जहर के लक्षण पाए गए हैं। विसरा सुरक्षित कर लिया है। पुलिस ने विसरा जांच के लिए भेजा है।

मौके से मिली दूसरी चप्पल की कर रहे जांच
फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर दो जोड़ी चप्पल और दो फाइबर के गिलास मिले हैं। परिजनों का कहना है कि एक जोड़ी चप्पल राजेन्द्र की है। जबकि, दूसरी जोड़ी चप्पलों की जानकारी उन्हें नहीं थी। वहीं एक गिलास राजेन्द्र का हो सकता है। मौके पर मिली दूसरी चप्पलें व गिलास के कारण ही परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।

पैर और ग्लास के लिए जाएंगे निशान
राजेंद्र की हत्या कोई क्यों करेगा, इसकी कोई अभी तक ठोस वजह नहीं मिली है। परिजनों ने भी रंजिश से इनकार किया है। फिलहाल पुलिस रंजिश की वजह तलाश रही है। इंस्पेक्टर इज्जतनगर नीरज कुमार ने बताया कि गिलास और चप्पलों से पैर और अंगुलियों के निशान लिए जाएंगे। पुलिस के अनुसार यदि हत्या हुई है तो हत्यारोपी निश्चित ही राजेन्द्र को जानता है।

संबंधित समाचार