बारिश न होने पर भगवान से हुआ नाराज, बजरंग बली की मूर्तियों को किया क्षतिग्रस्त, गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ककरौला गांव में तापमान बढ़ने और बारिश न होने के कारण भगवान से नाराज एक व्यक्ति ने भगवान हनुमान की तीन मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके चलते मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान भरत विहार जेजे कॉलोनी के निवासी महेश (50) …

नई दिल्ली। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के ककरौला गांव में तापमान बढ़ने और बारिश न होने के कारण भगवान से नाराज एक व्यक्ति ने भगवान हनुमान की तीन मूर्तियों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जिसके चलते मंगलवार को उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस ने कहा कि आरोपी की पहचान भरत विहार जेजे कॉलोनी के निवासी महेश (50) के रूप में हुई है।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मंगलवार सुबह एक पुजारी ने इसकी जानकारी दी, जिसने ककरौला में आसपास के तीन स्थानों पर क्षतिग्रस्त मूर्तियों को सबसे पहले देखा था।

अधिकारी ने कहा, ”हमें ककरौला इलाके में तीन स्थानों पर मूर्तियों को क्षतिग्रस्त किये जाने के बारे में सुबह करीब 7 बजकर 45 मिनट पर सूचना मिली थी।” पुलिस के अनुसार आरोपी ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह इस साल अब तक बारिश नहीं होने और दिन-प्रतिदिन गर्मी बढ़ने के चलते भगवान से नाराज था। घटना के बाद स्थानीय लोगों, नेताओं और बजरंग दल से जुड़े व्यक्तियों समेत लोगों का एक समूह द्वारका मोड़ पर जमा हो गया और यातायात रोक दिया।

पुलिस ने कहा कि मामला शांत कर वाहनों की आवाजाही शुरू करवा दी गई। पुलिस उपायुक्त (द्वारका) संतोष मीणा ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 295 और 295 ए के तहत मामला दर्ज उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई है।

संबंधित समाचार