महाराष्ट्र में 14 अप्रैल से 15 दिनों के लिए कर्फ्यू, लॉकडाउन जैसी रहेंगी पाबंदियां
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को घोषणा की कि 14 अप्रैल से 15 दिनों का लंबा राज्यव्यापी कर्फ्यू लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि बुधवार की रात आठ बजे से कर्फ्यू शुरू …
मुंबई। महाराष्ट्र सरकार ने राज्य में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच मंगलवार को घोषणा की कि 14 अप्रैल से 15 दिनों का लंबा राज्यव्यापी कर्फ्यू लगाया जाएगा। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने राज्य के लोगों को सोशल मीडिया के माध्यम से संबोधित करते हुए कहा कि बुधवार की रात आठ बजे से कर्फ्यू शुरू होगा और आवश्यक सेवाओं को इससे छूट दी गई है।
ठाकरे ने कहा कि ”लॉकडाउन की तरह” पाबंदियां लागू रहने तक आपराधिक दंड प्रक्रिया की धारा 144 (निषेधाज्ञा) लागू रहेगी। उन्होंने नई पाबंदियों को लॉकडाउन नहीं कहा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में ऑक्सीजन की आपूर्ति और बिस्तरों की कमी है और रेमडेसिविर की मांग बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि केंद्र को वायुसेना के विमानों का इस्तेमाल कर राज्य में कोरोना वायरस के रोगियों के लिए ऑक्सीजन की आपूर्ति करने में मदद करनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा, ”कोरोना वायरस के खिलाफ युद्ध एक बार फिर शुरू हो गया है।” उन्होंने कहा कि कोविड-19 के मामलों में बढ़ोतरी होने से महाराष्ट्र के स्वास्थ्य ढांचे पर दबाव काफी बढ़ गया है। ठाकरे ने कहा कि कोरोना वायरस के कारण जारी निषेधाज्ञा के कारण राज्य सरकार अगले एक महीने तक हर गरीब एवं जरूरतमंद व्यक्ति को तीन किलोग्राम गेहूं और दो किलोग्राम चावल नि:शुल्क मुहैया कराएगी।
महाराष्ट्र में 60000 से अधिक नये मामले
देश में कोरोना महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान 60 हजार से अधिक नये मामले सामने आये जबकि 281 और मरीजों की मौत हुयी। इस दौरान सक्रिय मामलों में 28,296 की और वृद्धि होने से इनकी संख्या मंगलवार को बढ़ कर 5,93,042 तक पहुंच गयी जो पूरे देश में सर्वाधिक है। राज्य में इस दौरान संक्रमण के सर्वाधिक (पूरे देश में) 60,212 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 35 लाख के पार 35,19,208 पहुंच गयी है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इसी अवधि में 31,624 मरीजों के स्वस्थ होने से इस संक्रमण से निजात पाने वालों की संख्या बढ़कर 28,66,097 हो गयी है तथा सबसे अधिक 281 और मरीजों की मौत होने से मृतकों का आंकड़ा 58,526 तक पहुंच गया।
