बरेली पंचायत चुनाव LIVE: भोजीपुरा में लगातार बढ़ रहा मतदान, 3 बजे तक 54.7 फीसदी वोटिंग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहला चरण का मतदान गुरुवार सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य के चुनाव के लिए जिले में 1628 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पोलिंग बूथ पर लगे सभी पुलिस कर्मियों को मास्क लगाने के आदेश जारी …

बरेली, अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहला चरण का मतदान गुरुवार सुबह सात बजे से शुरू हो गया है। जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, वार्ड सदस्य के चुनाव के लिए जिले में 1628 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पोलिंग बूथ पर लगे सभी पुलिस कर्मियों को मास्क लगाने के आदेश जारी किए गए है। बरेली के सभी 15 ब्लॉकों में 3 बजे तक कुल 54.7 फीसदी तक मतदान हुआ है।

अपडेट-

3 बजे तक भोजीपुरा में सबसे अधिक हुआ मतदान
पंचायत चुनाव में जिले के सभी ब्लॉकों में दोपहर 3:00 बजे तक कुल 54.7 फ़ीसदी मतदान हुआ। जिसमें सबसे अधिक मतदान भोजीपुरा ब्लॉक में 65.50 फीसदी हुआ। वहीं सबसे कम मतदान रामनगर में रहा। रामनगर में दोपहर तीन बजे तक केवल 47 फीसदी लोगों ने ही मतदान किया है। मतदान खत्म होने का समय नजदीक आते ही प्रत्याशियों की दिलों की धड़कनें और तेज होती जा रही हैं। वह अधिक से अधिक मतदान कराने में जुटे हुए हैं। मतदान के चक्कर में ही क्यारा ब्लॉक के एक मतदान केंद्र पर हंगामा भी हो गया। दो प्रत्याशी आपस में ही लड़ बैठे। हांलाकि मौके पर पुलिस होने से मामला ज्यादा नहीं बढ़ सका। पांच बजे तक मतदान जारी है।

3 बजे तक ब्लॉकों में यह रहा वोटिंग प्रतिशत
फरीदपुर- 54.10 प्रतिशत
आलमपुर जफराबाद- 57.50 प्रतिशत
बहेड़ी- 55 प्रतिशत
भदपुरा- 54.50 प्रतिशत
मीरगंज- 57 प्रतिशत
भुता- 50 प्रतिशत
क्यारा- 50.50 प्रतिशत
शेरगढ़- 57 प्रतिशत
नबावगंज- 50.50 प्रतिशत
फ़तेहगंज पशिचमी- 52 प्रतिशत
मझगांवां- 51 प्रतिशत
दमखोदा- 60.50 प्रतिशत
बिथरी चैनपुर- 54 प्रतिशत
रामनगर- 47 प्रतिशत
भोजीपुरा- 65.50 प्रतिशत

डोहरिया में मह‍िला मतदाताओं में द‍िखा जोश
पंचायत चुनाव में इस बार बड़ी संख्या में महिला प्रत्याशी मैदान में हैं तो गांव की सरकार चुनने के लिए महिला मतदाताओं में भी जोश है। महिलाएं सुबह ही घरों से निकलकर बूथों पर वोट डालने पहुंच गईं। बिथरीचैनपुर की ग्राम पंचायत डोहरिया स्थित प्राथमिक विद्यालय में बने बूथ पर ऐसा ही नजारा द‍िखा। सुबह छह बजे से ही बड़ी संख्या में लोग वोट डालने पहुंच गए। यहां पहली बार मतदान कर रहे युवाओं में भी काफी उत्‍साह देखने को म‍िला।

  • बीएलओ की मनमानी से छिना सरकार चुनने का अधिकार
    चुनाव में कई मतदाता वोटर लिस्ट में नाम न होने के कारण मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह गए। केसरपुर के पोलिंग बूथों पर जब सुबह करीब 11 बजे कुछ मतदाता वोट डालने पहुंचे तो उन्हें पता चला मतदाता सूची से उनका नाम ही कट गया है। मतदाधिकार से वंचित गांव के सोनू, मुनेंद्र, हरेंद्र, राजाराम ने आरोप लगाया साजिश के तहत उनके नाम काटे गए है। इसके अलावा वार्ड 1 में करीब 30 लोग मतदान से वंचित रह गए। यह लोग सुबह वोट करने पोलिंग बूथ पर पहुंचे थे, लेकिन बिना मतदान किए उनको घर लौटना पड़ा। इसी प्रकार वार्ड 60 में करीब 70 लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटे जाने की बात निकलकर सामने आई है। वार्ड 57 में बड़ी संख्या में कुछ इसी तरह की दिक्कतें सामने आई हैं। बीएलओ ने साठगाठ कर बड़े पैमाने पर वोट काट दिए। इतना ही कई लोगों के तो वोट दूसरे वार्ड में शिफ्ट कर दिए।
  • 1 बजे तक मतदान में भोजीपुरा और शेरगढ़ अव्वल, कुल 39.5 फीसदी वोटिंग
    पंचायत चुनाव में जिले के सभी ब्लॉकों में दोपहर 1 बजे तक कुल 39.5 फीसदी मतदान हुआ। जिसमें सबसे अधिक मतदान भोजीपुरा और शेरगढ़ ब्लॉक में हुआ। दोनों ही ब्लॉक में 40.5 फीसदी तक मतदान रहा। और सबसे कम मतदान रामनगर और फतेहगंज पश्चिमी में रहा। दोनों ही ब्लॉक में 34.5 फीसदी से अधिक मतदान नहीं हुआ। सुबह 7 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक सबसे ज्यादा शिकायतें आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की आईं। यह शिकायतें आयोग तक भी पहुंच चुकी हैं वहां से कंट्रोल प्रभारी से पूछा गया कि सबसे ज्यादा शिकायतें आलमपुर जाफराबाद ब्लॉक की क्यों आ रही है। हालांकि कंट्रोल रूम से संबंधित अधिकारियों को इस बारे में सूचित कर जल्द से जल्द शिकायतों का समाधान करने के लिए कहा गया है। अभी मतदान जारी है।

1 बजे तक ब्लॉकों में यह रहा वोटिंग प्रतिशत
फरीदपुर- 40.80 प्रतिशत
आलमपुर, जाफराबाद- 40 प्रतिशत
बहेड़ी- 37 प्रतिशत
भदपुरा- 36.5 प्रतिशत
मीरगंज- 41.5 प्रतिशत
भुता- 41 प्रतिशत
क्यारा- 35.5 प्रतिशत
शेरगढ़- 46.5 प्रतिशत
नबावगंज- 40 प्रतिशत
फ़तेहगंज पशिचमी- 34.5 प्रतिशत
मझगांवां- 41.5 प्रतिशत
दमखोदा- 37.5 प्रतिशत
बिथरी चैनपुर- 44 प्रतिशत
रामनगर- 34.5 प्रतिशत
भोजीपुरा- 46.5 प्रतिशत

  • क्यारा गांव में एक वोट को गलत बताने पर नोकझोंक हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को खदेड़ा।

  • रिठौरा के पास भड़सर मतदान केंद्र पर बड़ी संख्या में वोटरों की शिकायत रही कि उनके नाम सूची में नहीं हैं। लोगों का कहना है कि उनके नाम वोटर लिस्ट से काट दिए गए इसलिए वह मतदान नहीं कर पा रहे हैं। बड़ी संख्या में मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह गए।
  • मतदान करने पहुंची 80 वर्षीय महिला, तहसीलदार ने की मदद
    रिठौरा में बूथ स्थल पर युवक, अधेड़ के अलावा बुजुर्ग भी मतदान करने पहुंच रहे है। बुजुर्गों को धूप व लंबी लाइन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। 80 वर्षीय एक महिला बूथ पर मतदान करने आई। महिला को चलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। यह देख तहसीलदार नवाबगंज ने बुजुर्ग महिला की मदद की। महिला को बूथ स्थल पर पहुंचाकर मतदान कराया। इसके अलावा और भी वरिष्ठ नागरिक मतदान करने पहुंचे थे। उनकी भी लोगों ने मदद की। उन्हें मतदान पहले करने दिया गया।

  • पहली बार मतदान कर जानी मतदान की कीमत
    मीरगंज में 18 साल उम्र पूरी होने का बेसब्री से इंतज़ार कर रहे छात्र व युवक- युवतियों ने इस बार पहली बार मतदान किया। उनका कहना है कि पहली बार मतदान करना उनके लिए एक अच्छा अनुभव है। पल्लवी शर्मा पुत्री वीरेंद्र कुमार शर्मा ने ग्राम पंचायत ग्राम धनेटा में अपना प्रथम मत का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि वह 18 वर्ष पूरे होने का बेसब्री से इंतज़ार कर रही थी। गांव में कोई गलत प्रत्याशी न चुना जाए इसलिए उन्होंने अपना मत पढ़े लिखे प्रत्याशी को दिया।
    उन्होंने बताया कि उनके गांव में कई अव्यस्थाएं है। उन्हें उम्मीद है कि उन्होंने जिस प्रत्याशी को मतदान दिया है वही विजयी होगा और उनके गांव में विकास करेगा। साथ ही उन्होंने लोगों से 100 फीसदी मतदान करने की अपील की, ताकि लोगों का अनमोल मतदान खाली न जाए, जिसका फायदा ऐसे प्रत्याशी को हो जो विकास कार्य की जगह अपनी जेब भरे।
  • 11 बजे तक फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक में सबसे अधिक 26 फीसदी मतदान
    पंचायत चुनाव में जिले के सभी ब्लॉकों में दोपहर 11:00 बजे तक कुल 23 फ़ीसदी मतदान हुआ। जिसमें सबसे अधिक मतदान फतेहगंज पश्चिमी ब्लॉक में 26 फीसदी रहा। और सबसे कम मतदान रामनगर में 20.5 फीसदी रहा। मतदाताओं को तमाम ब्लॉकों में वोट डालने को लेकर समस्याएं सामने आती रहीं। अधिकांश में वोटर लिस्ट और आधार कार्ड में नाम अलग-अलग होने की वजह से वोट डालने को नहीं मिल पा रहा था। लेकिन शिकायत मिलने पर तुरंत उनका समाधान कराया गया। अभी तक शांतिपूर्ण मतदान जारी है। मतदान शुरू होने के समय कुछ ब्लॉकों से तमाम समस्याएं सामने आई थी। लेकिन समय से उनका समाधान करा दिया गया।

11 बजे तक ब्लॉकों में यह रहा वोटिंग प्रतिशत
फरीदपुर- 25.5 प्रतिशत
आलमपुर जफराबाद- 21.5 प्रतिशत
बहेड़ी- 21 प्रतिशत
भदपुरा- 22 प्रतिशत
मीरगंज- 24 प्रतिशत
भुता- 23.5 प्रतिशत
क्यारा- 24.5 प्रतिशत
शेरगढ़- 22 प्रतिशत
नवाबगंज- 23 प्रतिशत
फतेहगंज पशिचमी- 26 प्रतिशत
मझगांवा- 25 प्रतिशत
दमखोदा- 21.5 प्रतिशत
बिथरी चैनपुर- 25 प्रतिशत
रामनगर- 20.5 प्रतिशत
भोजीपुरा- 22.5 प्रतिशत

  • बैलेट पेपर पर बदल दिया चुनाव चिन्ह
    रिठौरा में बीडीसी प्रतियाशी को चुनाव चिन्ह आवंटन हुआ। गुरुवार को बूथ स्थल पर बैलेट पेपर पर प्रत्याशी का चुनाव चिन्ह बदल गया। प्रत्याशी ने लापरवाही का आरोप लगाते हुए गलती ठीक करने की मांग की, वहीं तहसीलदार ने मतदान शुरू करा दिए। प्रत्याशी ने बताया कि उसे चुनाव चिन्ह में ईंट मिली थी। लेकिन जब वह बूथ स्थल पर पहुंची तो उन्हें पता चला कि बैलेट पेपर पर ईंट की जगह चक्की दर्ज है, जो किसी भी प्रतियाशी को आवंटित नहीं की गई। प्रतियाशी ने बताया कि लापरवाही होने के बाद भी जिम्मेदार ने मतदान शुरू करा दिया।
  • क्यारा ब्लॉक के करगैना प्राथमिक स्कूल में धूप की वजह से मतदाताओं की संख्या कम दिखी। 12 बजे तक यहां मतदान प्रतिशत मात्र 20% ही रहा।

  • पीठासीन अधिकारी पर मनमानी करने का आरोप
    बहेड़ी में मतदान करने पहुंचे ऐसे तीन लोगों को गांव जाम खजूर के बूथ संख्या 240 पर तैनात पीठासीन अधिकारी ने मतदान नहीं करने दिया जिनके नाम मे बस जरा सी गलती थी। पीड़ितों ने पीठासीन अधिकारी पर मनमानी करने का आरोप लगाया है। मतदान शुरू होने से 11:30 बजे तक 3 लोग ऐसे पहुंचे थे जिनके नाम में एक अक्षर का मिलान नहीं हुआ व वह ओरिजिनल पहचान पत्र न ले जाकर फ़ोटो स्टेट ले गए। आरोप है कि पीठासीन अधिकारी ने ऐसे लोगों को मतदान करने से इनकार दिया। लोगों ने जिम्मेदारों से शिकायत करने की बात कही। वहीं 11:30 बजे तक 45 फीसदी मतदान हो चुका था। लोगो ने दो गज दूरी का पालन भले न किया लेकिन मास्क जरूर पहना।
  • पंचायत चुनाव के दौरान अभयपुर केशवपुर में बने बूथ में पहुंचे एसडीएम भोजीपुरा नाराज हो गए। यहां कोविड नियमों का पालन नहीं हो रहा था मतदाता भीड़ लगाए खड़े हुए थे इस पर एसडीएम ने चेकिंग की और वोटरों को दूर दूर किया। इसके अलावा उन्होंने मतदाताओं के पहचान पत्र भी चेक किए। यहां बूथ में ना तो सैनिटाइजर की व्यवस्था है और ना ही धूप से बचाव के लिए वोटरों को पर्याप्त छाया ही दी जा रही है।
  • गर्मी में दूध मूहे बच्चे को लेकर मतदान करने पहुंची माँ
    मीरगंज में मतदान करने के लिए घर से निकली महिला को देख बच्ची रोने लगी। ज़िद्द पर महिला दुधमुंहे बच्चे व बच्ची को लेकर बूथ स्थल पहुंची। यहां गर्मी देख उसने बच्चे के सिर पर तौलिया डाल दी ताकि बच्चों को धूप न लगे। शकुंतला निवासी ग्राम हुरहुरी ने अपने दुधमुंहे बच्चे को साथ लेकर वोट डालने पहुंची थी। धूप तेज होते देख उन्होंने बच्चे के सिर पर तौलिया डाल दी। वहीं मतदान करने के लिए खासी भीड़ दिखाई दी।

  • मतदाताओं को चुनाव चिन्ह देखने में हो रही परेशानी, पोलिंग बूथों पर अंधेरा
    शेरगढ़ में बिजली की आंख मिचौनी के चलते मतदाताओं को चिन्ह देखने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बता दें कि नगरिया कला स्थित स्कूल को मतदान केंद्र बनाया गया है। यहां जिस कक्ष में मतदान डाले जा रहे हैं। वहां बिजली नहीं आ रही है। कुछ लोगों ने बताया कि उनकी नजर कमजोर है, अंधेरे में उन्हें ठीक से दिखाई नहीं दिया कि वह किसको मतदान देकर आ गए। महिलाओं ने कहा अंधेरे की वजह से अंदर दिखाई नहीं दे रहा।
  • जिलाधिकारी तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ग्राम लबेड़ा थाना हाफिजगंज के पोलिंग बूथ का निरीक्षण कर सुरक्षा व शांति व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही लोगों को शांतिपूर्ण मतदान करने व कोविड से बचाव के संबंध में प्रेरित किया।

  • भदपुरा के चौखंडी और गजराजपुर में ईंट का चुनाव चिन्ह नहीं होने की वजह से मतदान रोका गया। मामले की जांच में पता चला कि ईंट का कोई चुनाव चिन्ह ही नहीं था। प्रत्याशी ने अपने आप ही ईंट का चुनाव चिन्ह लिस्ट में जोड़ दिया था।
  • मीरगंज के समसपुर में नीरज नाम के प्रत्याशी का ईंट का चुनाव चिन्ह था। लेकिन बैलेट पेपर पर उसका चुनाव चिन्ह है ही नहीं। जिसकी वजह से उस प्रत्याशी के वोट नहीं पड़ पा रहे है।
  • भदपुरा ब्लॉक के जगराजपुर में कुछ देर के लिए मतदान बंद हुआ था। बताया जा रहा है कि यंहा पर प्रधान पद के दो दावेदारों को चुनाव चिन्ह को लेकर समस्या थी। मामला विवाद की स्थिति तक पहुंचने ही वाला था लेकिन आरओ ने मौके पर पहुंचकर मामला सुलझा दिया। कोई विवाद नही हो पाया।
  • नवाबगंज ब्लॉक के बूथ संख्या 276 पर समस्या सामने आई। यंहा पर बीडीसी पद के 10 दावेदार हैं, लेकिन बैलेट पेपर पर केवल 8 दावेदारों का ही चुनाव चिन्ह पहुंचा है। जिसकी जानकारी मिलते ही तत्काल प्रभाव से उसे ठीक कराने के आदेश जारी किए गए हैं।

संबंधित समाचार