बरेली: प्रचार ईंट का किया, बैलेट पेपर में निकली चकिया

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आयी है। कहीं प्रत्याशी के चुनाव चिन्ह ही बैलेट पेपर में बदल दिए गए तो कहीं चुनाव चिन्ह ही गायब हो गया। ऐसे में जी तोड़ मेहनत कर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के हाथ निराशा लगी। इस लापरवाही की वजह से काफी देर तक चुनाव प्रभावित …

बरेली,अमृत विचार। पंचायत चुनाव के दौरान बड़ी लापरवाही सामने आयी है। कहीं प्रत्याशी के चुनाव चिन्ह ही बैलेट पेपर में बदल दिए गए तो कहीं चुनाव चिन्ह ही गायब हो गया। ऐसे में जी तोड़ मेहनत कर चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों के हाथ निराशा लगी। इस लापरवाही की वजह से काफी देर तक चुनाव प्रभावित हुआ लेकिन अधिकारी सभी मामलों को दबाने में लगे रहे।

उच्चाधिकारियों ने तो यहां तक कहा कि मामले को सुलझा दिया गया। लेकिन कैसे सुलझाया इस बारे में कोई जबाव नहीं था। ऐसे में सवाल यह खड़ा होता है कि आखिर चुनाव चिन्ह गलत होने पर उसे सही कैसे किया गया? और जिन बैलेट पेपर पर चुनाव चिन्ह नहीं था उस पर कैसे चुनाव चिन्ह बढ़ाया गया?। इन सवालों के जबाव देने के लिए कोई भी तैयार नहीं है।

नवाबगंज तहसील के भदपुरा ब्लॉक के गांव जगराजपुर में बीडीसी प्रत्याशी संगीता को चुनाव चिन्ह ईंट दिया गया था। इन्होंने अपने मिले हुए चुनाव चिन्ह के साथ जमकर प्रचार-प्रसार किया। लोगों को वोट डालने के लिए भी प्रेरित किया। लेकिन मतदान वाले दिन पूरा मामला बिगड़ गया। बैलेट पेपर पर जो चुनाव चिन्हे आवंटित कर भेजे गए थे वह गलत थे। उन्हें बदल दिया गया।

प्रत्याशी पति का आरोप था कि उसके पास नामांकन समय का पर्चा भी है। जिस पर साफ-साफ लिखा है कि चुनाव चिन्ह ईंट है। लेकिन बैलेट पेपर पर उनके नाम के आगे चुनाव चिन्ह चकिया है। ईंट चुनाव चिन्ह किसी अन्य को दे दिया गया है। इस बात का पता उन्हें तब चला जब वह खुद अपना वोट डालने गए। इसके बाद काफी देर तक हंगामा होता रहा।

करीब दो घंटे तक चुनाव भी रोका गया। इसके बाद मामले को रफा दफा करा दिया गया। हांलाकि यह मामला कैसे निपटा इस बारे में अधिकारियों ने चुप्पी साध ली है। वह सिर्फ इतना ही कह रहे हैं कि चुनाव चिन्ह को लेकर प्रत्याशियों में गलतफहमी थी, उसे दूर कर दिया गया।

बीडीसी पद के 10 दावेदार, आठ का पहुंचा बैलेट पेपर
नबावगंज में भी प्रशासन की एक और बड़ी चूक सामने आई। सुबह 7 बजे से 9 बजे के बीच पता चला कि नवाबगंज ब्लॉक के बूथ संख्या 276 पर बीडीसी पद के 10 दावेदार थे, लेकिन बैलेट पेपर पर केवल आठ दावेदारों के चुनाव चिन्ह का भेजा गया। बीडीसी पदों के दो दावेदारों के चुनाव चिन्ह ही नहीं भेजे गए। बैलेट पेपर पर दो प्रत्याशियों के चुनाव चिन्ह नहीं होने की वजह से काफी देर तक हंगामा चलता रहा। दो घंटों के लिए मतदान भी रुका। अधिकारियों का कहना है कि 10 दावेदारों की जगह आठ के बैलेट पेपर पहुंचे थे। लेकिन जानकारी मिलने पर तत्काल उसे ठीक भी करा दिया गया। यहां भी कैसे ठीक कराया इस बात पर कोई बोलने को तैयार नहीं।

संबंधित समाचार