बरेली: वोटरों के जोश ने 76.23 प्रतिशत पहुंचा दिया मतदान
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में पंचायत सरकार चुनने के लिए गुरुवार को हुए मतदान में मतदाताओं ने खुलकर मतदान किया था। देर रात तक हुए मतदान के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय ने 74.5 प्रतिशत मतदान के आंकड़े बताए थे, लेकिन देर रात हुई वोटिंग के आंकड़े जोड़ने के बाद मतदान का प्रतिशत दो प्रतिशत …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना काल में पंचायत सरकार चुनने के लिए गुरुवार को हुए मतदान में मतदाताओं ने खुलकर मतदान किया था। देर रात तक हुए मतदान के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय ने 74.5 प्रतिशत मतदान के आंकड़े बताए थे, लेकिन देर रात हुई वोटिंग के आंकड़े जोड़ने के बाद मतदान का प्रतिशत दो प्रतिशत बढ़ गया।
ब्लॉकों में पड़े मतों का हिसाब किताब शुक्रवार तड़के 4 बजे तक चला था। दोपहर में कलेक्ट्रेट स्थित जिला निर्वाचन कार्यालय के अधिकारियों ने जनपद में कुल 76.23 प्रतिशत मतदान होने की जानकारी दी।
सबसे ज्यादा मतदान नवाबगंज तहसील ब्लॉक भदपुरा में 82.76 प्रतिशत हुआ और सबसे कम मतदान क्यारा ब्लॉक में 65.41 प्रतिशत हुआ। भदपुरा में दो घंटे से अधिक समय तक मतदान भी प्रभावित रहा था। बढ़े मतदान प्रतिशत ने राजनीतिक दलों के समर्थित प्रत्याशियों की चिंता बढ़ा दी है। हर किसी की जुबां पर यही था कि मतदान का प्रतिशत 65 से अधिक नहीं जाएगा।
कोविड काल में मतदान को इसकी वजह बता रहे थे लेकिन मतदाताओं ने कोविड काल में गजब का उत्साह दिखाया और कोरोना का खौफ भूलकर जमकर वोटिंग की। इसी से जनपद का मतदान प्रतिशत 76.23 तक पहुंच गया। अधिक वोटिंग से जिला पंचायत सदस्य और ग्राम प्रधानी के निर्दलीय प्रत्याशियों को लाभ पहुंचने की चर्चा सत्ता के गलियारों में तेजी से हो रही है।
यहां देर रात तक चली थी वोटिंग
गुरुवार को हुए मतदान में सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक वोटिंग का समय निर्धारित था लेकिन नवाबगंज, मीरगंज और फतेहगंज पश्चिमी के कई बूथों पर देर रात 9 बजे के बाद भी वोटिंग चलती रही। बताते हैं कि जितने वोटर बूथ स्थल के अंदर आ गए। उन सभी के वोट पड़े। इसमें नवाबगंज तहसील के ग्राम लाडपुर में देर रात 10: 25 तक, टांडा सादात में 11: 32 बजे तक, लाडपुर उस्मानपुर में 9 बजे के बाद और ग्राम अकसोरा ब्लॉक फतेहगंज पश्चिमी में भी रात 9 बजे के बाद तक वोटिंग हुई।
