मुरादाबाद: मतदाताओं को लुभाने में प्रधान प्रत्याशी के पुत्र समेत 10 गिरफ्तार
अमृत विचार, मुरादाबाद मतदान का समय नजदीक आने के साथ ही दावतों का दौर शुरू हो गया है। मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब व मिठाई का वितरण गांवों में होने लगा है। भगतपुर पुलिस ने एक बार फिर चोरी छुपे चल रही ऐसी ही दावत का खुलासा किया है। पुलिस ने जाहिदपुर सीकमपुर गांव …
अमृत विचार, मुरादाबाद मतदान का समय नजदीक आने के साथ ही दावतों का दौर शुरू हो गया है। मतदाताओं को लुभाने के लिए शराब व मिठाई का वितरण गांवों में होने लगा है। भगतपुर पुलिस ने एक बार फिर चोरी छुपे चल रही ऐसी ही दावत का खुलासा किया है। पुलिस ने जाहिदपुर सीकमपुर गांव में दबिश देकर प्रधान पद के दावेदार के ठिकाने पर चल रही दावत को पकड़ लिया। मौके से पुलिस ने 23 कोल्ड ड्रिंक की बोतल व करीब 35 किलो लड्डू बरामद कर लिया। पुलिस ने प्रधान पद प्रत्याशी के बेटे समेत दस लोगों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों का चालान कर दिया गया है।
देश की सबसे छोटी संसद का होने वाला चुनाव पुलिस-प्रशासन के लिए हर बार चुनौती बनता है। पंचायत चुनाव में एक-एक वोट के लिए होने वाली जंग को जीतने के लिए दावेदार कोई भी पैंतरा आजमाने से नहीं चूकते। चुनाव की घोषणा होने के साथ ही वोटरों को लुभाने का सिलसिला शुरू कर दिया जाता है। दावतों के साथ ही वोटरों को रुपए तक देने में दावेदार नहीं चूकते हैं। मतदान का वक्त नजदीक आने के साथ ही गांवों में शराब की दावतों का दौर शुरू हो जाता है। इन दावतों में होने वाले बवाल को रोकने के लिए शासन ने इन पर रोक लगा दी है। दावेदार खुलेआम आचार संहिता का उल्लंघन करने में पीछे नहीं हटते हैं।
पिछले 15 दिनों में पुलिस ने कई गांवों में छापामार कार्रवाई कर गोपनीय तरीके से होने वाली इन दावतों का भंडाफोड़ किया है। इसी के तहत भगतपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम जाहिदपुर सीकमपुर में प्रधान पद के दावेदार के ठिकाने पर दावत चल रही है। जिस पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी, पुलिस को देखकर मौजूद लोगों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने घेराबंदी करके दस को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पुलिस ने 23 बोतल कोल्डड्रिंक, 35 किलो लड्डू व भारी मात्रा में गिलास बरामद कर लिए। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपी शहजाद हुसैन, नौशाद, यूनुस, अकबर, शाजिद, बाबू, राशिद, गफ्फार, अनवर व अशफाक हैं। जिसमें शहजाद हुसैन प्रधान पद के दावेदार के बेटे हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों का चालान कर दिया है।
