बरेली: सख्ती बढ़ी तो डोर-टू-डोर आवश्यक सामग्री आपूर्ति की तैयारी
बरेली,अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए आने वाले समय में सख्ती और बढ़ने की संभावना है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पिछले साल की तरह अगर आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति घर-घर करने की जरूरत पड़ी तो इसके लिए तैयारी है। वेंडरों व दुकानदारों की सूची पहले से ही तैयार …
बरेली,अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए आने वाले समय में सख्ती और बढ़ने की संभावना है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पिछले साल की तरह अगर आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति घर-घर करने की जरूरत पड़ी तो इसके लिए तैयारी है। वेंडरों व दुकानदारों की सूची पहले से ही तैयार है। बस उसे अपडेट करने की जरूरत है। इसके साथ ही दूसरी जरूरी तैयारियों के लिए भी नगर निगम प्रशासन तैयारी कर रहा है। समय-समय पर इन कार्यों की समीक्षा की जा रही है।
कोरोना महामारी का खतरा लगातार बढ़ रहा है। इससे उपजे संकट को देखते हुए नगर निगम प्रशासन की ओर से भी तैयारी शुरू कर दी गयी है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पिछले साल लॉकडाउन के दौरान लंबे समय से कंटेनमेंट एरिया सहित दूसरी जगहों पर आवश्यक खाद्य सामग्रियों की डोर-टू-डोर आपूर्ति की गई थी।
उस पर वेंडरों के साथ आवश्यक वस्तु विक्रेताओं के नाम व नंबर की सूची तैयार हुई थी। इसी आधार पर संक्रमण से प्रभावित इलाकों में वेंडर व दुकानदारों का चयन किया गया था। इससे लोगों को खरीददारी करने के लिए काफी आसानी हुई थी। इस दिशा में पूर्व में की गई मेहनत इस बार अगर जरूरत पड़ी तो काफी काम आएगी।
फड़ एसोसिएशन के अध्यक्ष संतोष गुप्ता का कहना है कि शहर में करीब 14 हजार वेंडर हैं। इन्हीं के नाम वेबसाइट पर अपलोड हुए थे। इधर अधिकारियों का कहना है कि कोरोना के चलते अगर इस बार भी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति के लिए ऐसी व्यवस्था करने की जरूरत पड़ी तो वेंडरों की सूची को फिर से अपडेट कर लिया जाएगा। चूंकि पिछले साल इसका खाका खिंचा था, इसलिए इस बार ज्यादा मेहनत करने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
नई गाइड लाइस के आधार पर बनाई जाएगी कार्ययोजना
कोरोना को लेकर इस बार नई गाइड लाइन क्या है, इसके आधार पर कार्ययोजना तैयार होगी। चूंकि अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है, इसलिए अधिकारियों को भी समझ में नहीं आ रहा है कि वे अभी क्या तैयारियां करें। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि तैयारियों के बारे में सूचनाएं ली जा रही हैं लेकिन जल्द ही इसकी विधिवत समीक्षा भी शुरू कराई जाएगी ताकि जटिल परिस्थितियों से आसानी से निपटा जा सके।
“वेंडरों व दुकानदारों की सूची पहले ही है, बस उसे अपडेट होना है, अन्य तैयारियां भी हैं। अगर आवश्यक सामग्रियों की आपूर्ति करने की जरूरत पड़ी तो निगम प्रशासन इसके लिए तैयार है।” -अभिषेक आनंद, नगर आयुक्त
