बरेली: बुधवार और गुरुवार को बंद रहेगा शहर का बाजार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए व्यापार मंडल भी सक्रिय हो गया है। व्यापार मंडल ने इस हफ्ते बुधवार और गुरुवार को दो दिन बाजार बंद करने का फैसला लिया है। अगले सप्ताह भी इसी तरह बुधवार व गुरुवार को बाजार बंद रहेंगे। इन दोनों ही दिन किराना सहित दूसरी आवश्यक …

बरेली, अमृत विचार। कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए व्यापार मंडल भी सक्रिय हो गया है। व्यापार मंडल ने इस हफ्ते बुधवार और गुरुवार को दो दिन बाजार बंद करने का फैसला लिया है। अगले सप्ताह भी इसी तरह बुधवार व गुरुवार को बाजार बंद रहेंगे। इन दोनों ही दिन किराना सहित दूसरी आवश्यक सेवाओं की दुकानों को भी बंद रखने की अपील की गई है।

व्यापारी नेताओं का कहना है कि इन दोनों ही हफ्तों में बाजार बंद रखने के प्रभाव को देखने के बाद इस आगे जारी रखा जाए या नहीं इस पर विचाार किया जाएगा।

श्यामगंज स्थित व्यापार मंडल के कार्यालय पर पत्रकार वार्ता करते हुए व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि कोरोना मामलों में जबरदस्त इजाफा हो रहा है। इस वजह से हालात बेकाबू हो रहे हैं। कोरोना की चपेट में आकर कई व्यापारी नेताओं की मृत्यु और कइयों की इस जानलेवा बीमारी की चपेट में आने के बाद खतरा लगातार बढ़ता दिखाई दे रहा है।

शासन ने शनिवार की शाम से सोमवार सुबह तक कर्फ्यू से प्रेरित होकर व्यापारिक संगठनों ने सर्वसम्मति से इस बार और अगले हफ्ते भी बुधवार व गुरुवार दो दिन 48 घंटे तक संपूर्ण बाजार बंद रखने का फैसला लिया है। व्यापारी नेता शोभित सक्सेना ने कहा कि दो दिन किराना सहित अन्य आवश्यक सेवाओं की दुकानें भी बंद रखने का आह्वान किया गया है। हालांकि यह स्वैच्छिक है, क्योंकि कोरोना का खतरा जिस तरह से बढ़ रहा है, उसकी चेन तोड़ने के लिए यह कदम उठाया जाना बेहद जरूरी हो गया है।

इसमें जनता को पूरा सहयोग करने की जरूरत है, ताकि हम सब मिलकर कोरोना की जंग को जीत सके। उन्होंने कहा कि इन दोनों हफ्ते दो-दो दिन बाजार बंद का क्या असर रहता है, इसके बाद ही इस बंदी को आगे बढ़ाया जाए या न जाए, इस पर अमल किया जाएगा। उन्होंने इसमें सभी व्यापारियों से भी सहयोग करने की अपील की है। व्यापारियों ने कहा कि जान है तो जहान है। इसलिए सभी से विनम्र प्रार्थना है कि सभी व्यापार मंडल के संग कंधे से कंधा मिलाकर इस बंद को संपूर्ण रूप से सफल बनाएं।

बैठक में मुख्य रूप से मनोज अरोड़ा, अरविंद अग्रवाल, मनमोहन सब्बरवाल, जीतू देवनानी, दुर्गेश खटवानी आदि थे। विशाल मल्होत्रा, संजीव चांदना, जफर बेग, अमरजीत सिंह, दानिश जमाल, सुदेश अग्रवाल, नवीन अग्रवाल, राजेश अग्रवाल सहित तमाम व्यापारी नेताओं ने बाजार बंदी का पूर्ण रूप से समर्थन किया।

हेल्फ लाइन नंबर जारी करेगा व्यापार मंडल
पत्रकार वार्ता में व्यापारी नेताओं ने किराना सहित आवश्यक खाद्य सामग्रियों के रेट में बढ़ोत्तरी न करने की अपील की है। व्यापारी नेता राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि लोगों की सुविधा के लिए जल्द ही व्यापार मंडल की ओर से हेल्प लाइन नंबर जारी किए जाएंगे। इस पर कोई भी व्यापारी किसी तरह से शिकायत या सुझाव दे सकता है। व्यापार मंडल की ओर से संबंधित व्यक्ति को हर संभव मदद की जाएगी।

संबंधित समाचार