बरेली: प्रेमी से निकाह करने को अलीगढ़ से पहुंची युवती, एसएसपी ऑफिस में हंगामा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। प्रेमी से निकाह करने के लिए किशोरी अपने परिवार को छोड़कर सिकंदराबाद अलीगढ़ से बरेली आ गई। कचहरी पर जब हिंदू संगठन के लोगों ने उसे दूसरे समुदाय की महिला के साथ देखा तो हंगामा कर दिया। वह लोग युवती और निकाह कराने वाली दंपति को पकड़कर एसएसपी ऑफिस ले आए। जहां पर …

बरेली,अमृत विचार। प्रेमी से निकाह करने के लिए किशोरी अपने परिवार को छोड़कर सिकंदराबाद अलीगढ़ से बरेली आ गई। कचहरी पर जब हिंदू संगठन के लोगों ने उसे दूसरे समुदाय की महिला के साथ देखा तो हंगामा कर दिया। वह लोग युवती और निकाह कराने वाली दंपति को पकड़कर एसएसपी ऑफिस ले आए। जहां पर लड़की ने प्रेमी से निकाह करने की बात कहते हुए जमकर हंगामा काटा। बाद में उन्हें महिला थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

अलीगढ़ के सिकंदराबाद की 17 साल की किशोरी की मुलाकात एक साल पहले फतेहगंज पश्चिमी के रहने वाले अरबाज से सिकंदराबाद में हुई थी। इसके बाद दोनों में प्यार हो गया। कुछ दिन पहले लड़की अरबाज से निकाह करने के लिए परिवार को छोड़कर बरेली चली आई।

सोमवार को अरबाज के माता-पिता कचहरी में उसके निकाह के कागज तैयार करवा रहे थे। इसी बीच वहां से निकल रहे हिंदू संगठन से जुड़े एक युवक ने यह देख लिया और अपने साथियों को बुला लिया। यह देखकर अरबाज मौके से फरार हो गया। जबकि उसकी मां और पिता को उन्होंने पकड़ लिया। लोगों ने आरोपी के पिता के साथ मारपीट करते हुए उसे एसएसपी ऑफिस ले आए। जहां पर पहले तो पकड़े गई दंपति किशोरी को पहचानने से इनकार कर दिया। बाद में किशाोरी ने बताया कि अरबाज पकड़े गई दंपति का ही बेटा है।

मेरी मौत के जिम्मेदार तुम होगे…
पकड़े जाने पर जब किशोरी को एसएसपी कार्यालय लाया गया तो वह हिंदू संगठनों पर भड़क गई। उसने वहां पर हंगामा काटते हुए कहा कि वह अपनी मर्जी से शादी करना चाहती है। उसके मां-बाप नहीं है। उसकी बहन की मौत हो चुकी है। वह अरबाज से बहुत प्यार करती है। अगर उसका निकाह उससे नहीं हुआ तो उसकी मौत के जिम्मेदार संठगन के लोग होंगे।

जमानत लेने आए थे लड़की से नहीं मतलब
वहीं दंपति ने बताया कि उनपर मुकदमा चल रहा है। वह उसकी जमानत के लिए आए थे। वह अपने वकील के पास बैठे थे। वहां पर न जाने कहां से लड़की आ गई। उनका इस लड़की से कोई लेना देना नहीं है। न ही वह उसे जानते हैं। हालांकि पुलिस शाम तक उनसे पूछताछ कर रही थी।

“लड़की की गुमशुदगी दिल्ली में दर्ज है। वहां की पुलिस को इसकी सूचना दे दी गई है। फिलहाल दंपति और लड़की को महिला थाने में रखा गया है। दिल्ली पुलिस के आने पर उन्हें वहां की पुलिस को सौंप दिया जाएगा।” -छवि, इंस्पेक्टर महिला थाना

संबंधित समाचार