अमरोहा में छिटपुट घटनाओं के बीच 68.78 प्रतिशत मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अमरोहा,अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को जनपद में छिटपुट घटनाओं के बीच 68.78 प्रतिशत मतदान हुआ। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर माफी में मतदान केंद्र पर दो पक्षों में गोली चलने से पूर्व प्रधान घायल हो गया, जबकि हसनपुर क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर प्रधान पद के एक …

अमरोहा,अमृत विचार। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के दूसरे चरण में सोमवार को जनपद में छिटपुट घटनाओं के बीच 68.78 प्रतिशत मतदान हुआ। रजबपुर थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर माफी में मतदान केंद्र पर दो पक्षों में गोली चलने से पूर्व प्रधान घायल हो गया, जबकि हसनपुर क्षेत्र के एक मतदान केंद्र पर प्रधान पद के एक उम्मीदवार के पक्ष के लोगों ने पीठासीन अधिकारी से मारपीट कर 50 मतपत्र लेकर फरार हो गए।

जोया क्षेत्र के गांव चुबका में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया, जबकि धनौरा क्षेत्र में एक व्यक्ति की मतदान के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। वहीं एक अन्य व्यक्ति की भी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक के परिजनों ने प्रधान पद के उम्मीदवार पर शराब में जहर देने का आरोप लगाया है। जिले भर में 15653 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटियों में बंद हो गया।

जनपद में सुबह 7 बजे से ही मतदान केंद्रों पर वोटरों की लाइन लगनी शुरू हो गई। जिले में 829 मतदान केंद्र बनाए गए। इन केंद्रों पर जिले के 10.38 लाख मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के पुलिस ने पुख्ता इंतजाम किए थे। बावजूद इसके कई मतदान केंद्रों पर मारपीट और गोली चलने की घटनाएं हुईं।

ग्राम पंचायत, जिला पंचायत सदस्य, बीडीसी और ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए वोट डाले गए। मतदान केंद्रों पर वोटरों की थर्मल स्कीनिंग के बाद ही प्रवेश दिया गया। जिन मतदाताओं का तापमान अधिक रहा, उन्हें रोक दिया गया और शाम 5 बजे के बाद मतदान कराया। चुनाव के दौरान आला अफसर भ्रमण करते रहे। देर रात तक ब्लाक मुख्यालयों पर मतपेटियों जमा करने का सिलसिला चलता रहा।

जिलाधिकारी उमेश मिश्र ने बताया कि जिले में छिटपुट घटनाओं को छोड़कर मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। मतदान को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।

संबंधित समाचार