बरेली: विवादित कामों के लिए बीडीए ने फिर से कराए टेंडर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में कई करोड़ के कामों को मनमाने ठेकेदारों को देने और कई गड़बड़ियां सामने आने के बाद कामों के टेंडर निरस्त कर दिए गए थे। बीडीए ने मंगलवार को इन्हीं कई कामों के टेंडर फिर से खोले हैं। इसके अलावा करीब आठ करोड़ रुपये के कई और काम …

बरेली, अमृत विचार। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) में कई करोड़ के कामों को मनमाने ठेकेदारों को देने और कई गड़बड़ियां सामने आने के बाद कामों के टेंडर निरस्त कर दिए गए थे। बीडीए ने मंगलवार को इन्हीं कई कामों के टेंडर फिर से खोले हैं। इसके अलावा करीब आठ करोड़ रुपये के कई और काम होने हैं। इसके लिए टेंडर की सूचना जारी कर दी गई है। इनके टेंडर 17 मई को खोले जाएंगे।

रामगंगानगर आवासीय परियोजना में कामों को गति देने के लिए टेंडर प्रक्रिया तेज हो गई है। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि इस आवासीय परियोजना के अधूरे कामों को जल्द पूरा कराने की तैयारी चल रही है। बीडीए की रामगंगानगर आवासीय परियोजना लंबे समय से फ्लॉप रही थी। करीब 470 एकड़ जमीन पर विकसित की जा रही इस आवासीय परियोजना के कायाकल्प के लिए बीडीए ने करोड़ों रुपये के कामों को शुरू कराया था। बाद में रामगंगानगर में चल रहे तमाम कामों को लेकर सवाल खड़े हो गए।

बीडीए के ही एक बड़े अधिकारी ने रामगंगानगर के तमाम कामों को मनमाने तरीके से चहेते ठेकेदारों को देने और बड़े पैमाने पर गड़बड़ी होने की शिकायतें की थी। मामला शासन तक पहुंचने और जांच शुरू होने के बाद बीडीए के अधिकारियों के बीच खलबली मच गई थी। इसके बाद बीडीए बोर्ड के कई सदस्यों ने भी मंडलायुक्त आर. रमेश कुमार से इस पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग उठाई थी। इसके बाद बीडीए के अधिकारियों ने कुछ कामों को आनन-फानन में निरस्त कर दिया था। अब इन कामों के साथ दूसरे कई कार्यों के टेंडर प्रक्रिया को नए सिरे से शुरू की जा रही है।

मंगलवार को अधीक्षण अभियंता राजीव दीक्षित की मौजूदगी में करीब सात करोड़ रुपये के टेंडर की प्रक्रिया पूरी की गई। रामगंगानगर में सड़क-नालियों के निर्माण के साथ दूसरे कई काम होने हैं। इसके अलावा करीब आठ करोड़ रुपये के कामों के टेंडर और होने हैं। इसकी सूचना भी बीडीए की ओर से जारी कर दी गई है।

इसके टेंडर 17 मई को खोले जाएंगे। इसमें भी रामगंगानगर में बीडीए के नए भवन के निर्माण के साथ नई सड़कों के काम, मरम्मत सहित दूसरे और भी काम होने हैं। बीडीए के अधिकारियों का कहना है कि रामगंगानगर में करोड़ों रुपये के काम शीघ्र पूरी कराने की कोशिश की जा रही है।

संबंधित समाचार