बरेली के हालात सुधारने को ऑक्सीजन बेड दोगुना करने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली,अमृत विचार। बरेली के हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। ऑक्सीजन बेड की कमी बढ़ती जा रही है। बेड को लेकर दिक्कतें आनी शुरू हो गई हैं। आपात स्थिति से निपटने के साथ कोविड नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के लिए बुधवार को ऊर्जा और अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री एवं बरेली प्रभारी मंत्री श्रीकान्त …

बरेली,अमृत विचार। बरेली के हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। ऑक्सीजन बेड की कमी बढ़ती जा रही है। बेड को लेकर दिक्कतें आनी शुरू हो गई हैं। आपात स्थिति से निपटने के साथ कोविड नियंत्रण के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने के लिए बुधवार को ऊर्जा और अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत मंत्री एवं बरेली प्रभारी मंत्री श्रीकान्त शर्मा ने अधिकारियों के साथ वर्चुअल समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने ऑक्सीजन बेड की संख्या दोगुनी करने के साथ कोविड जाचें बढ़ाने के भी निर्देश दिए हैं।

ऊर्जा मंत्री ने डीएम को सभी विभागों के समन्वय से संक्रमण वाले क्षेत्रों में सफाई, दवाई और नियमों का गंभीरता से अनुपालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने डीएम को, सभी अस्पतालों को ऑक्सीजन की पर्याप्त आपूर्ति होती रहे, यह सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। होम आइसोलेशन वाले मरीजों को नियमित कॉल कर उनका हाल जानने और पॉजिटिव मरीजों को मेडिकल किट उपलब्ध कराने के लिए कहा। कहा कि भर्ती मरीजों को भी कोई असुविधा न हो, ऐसे प्रबंध कराएं।

प्रभारी मंत्री ने कहा कि 1 मई से वैक्सीनेशन का तीसरा चरण शुरू हो रहा है। अब 18 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को वैक्सीन लगनी है, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियां पूरी कर लें और डीएम इसकी मॉनीटरिंग करें। प्रभारी मंत्री ने लैब की टेस्टिंग क्षमता बढ़ाने के भी निर्देश दिए। जल्द रिपोर्ट आने पर संक्रमण को रोकने में मदद मिलेगी। उन्होंने शहर के सभी सरकारी व निजी सैम्पल कलेक्शन सेंटर पर सामाजिक दूरी का ध्यान रखने और सेंटर को लगातार सैनेटाइज कराने पर जोर देने के निर्देश दिए, ताकि टेस्ट कराने जाने वाले लोग अन्य लोगों से संक्रमण का शिकार न हों।

भर्ती करने में न हो आनाकानी
प्रभारी मंत्री ने कहा कि डीएम सुनिश्चित करें कि लक्षणों के बाद भी मरीजों को भर्ती करने में कोई भी अस्पताल आनाकानी न करे। भर्ती के लिए आरटी-पीसीआर के अलावा सीटी स्कैन, एक्सरे व एंटीजेन टेस्ट को भी आधार मानें। कोरोना के मरीजों के अलावा बाकी मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग टेलीमेडिसिन की भी व्यवस्था करें। संक्रमण वाले क्षेत्रों में नगर निगम के साथ पुलिस प्रशासन माइक्रो कन्टेनमेंट जोन का कड़ाई से पालन करायें। प्रभारी मंत्री ने नगर निगम के सभी जोन में सैनेटाइजेशन बढ़ाने और लगातार छिड़काव के निर्देश दिए। प्रभारी मंत्री ने सामाजिक संगठनों से इस महामारी से लड़ने में योगदान करने पर जोर दिया।

संबंधित समाचार