मुरादाबाद: दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता की हत्या
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाह के पांच माह बाद ही विवाहिता की हत्या कर दी। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे तो शव घर में पड़ा था, जबकि ससुराली फरार थे। विवाहिता के शरीर पर चोट के निशान थे। …
मुरादाबाद, अमृत विचार। कटघर थाना क्षेत्र में दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाह के पांच माह बाद ही विवाहिता की हत्या कर दी। पड़ोसियों से सूचना मिलने पर मायके वाले मौके पर पहुंचे तो शव घर में पड़ा था, जबकि ससुराली फरार थे। विवाहिता के शरीर पर चोट के निशान थे। इस पर मायके वालों ने जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें शांत कराने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना कटघर में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दहेज हत्या का यह मामला कटघर थाना क्षेत्र के ग्राम पंडित नगला का है। बदायूं जनपद के नरौली थाना क्षेत्र के ग्राम मऊ नगला निवासी रामूश्याम ने अपनी बहन ललतेश का विवाह 20 नवंबर 2020 को पंडित नगला निवासी कैलाश के साथ किया था। मायके वालों के अनुसार विवाह के वक्त उन्होंने पर्याप्त दहेज दिया था। इसके बाद भी ससुराली खुश नहीं थे।
बुधवार को पड़ोसियों ने मायके वालों को सूचना दी कि ललतेश की मौत हो गई और उसका शव घर में पड़ा है। यह सुनकर मायके वालों में कोहराम मच गया। आनन-फानन में मायके वाले वहां पहुंच गए। बताते हैं कि जिस वक्त मायके वाले पहुंचे तो अधिकतर ससुराली फरार हो चुके थे और ललतेश का शव जमीन पर पड़ा था।
मायके वालों ने पहुंचकर किया हंगामा
शरीर पर चोट के निशान देखकर उन लोगों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि विवाह के बाद से ही पति समेत अन्य ससुराली उसे दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। कई बार ललतेश ने इसकी सूचना भी दी थी। हंगामे की सूचना पर कटघर पुलिस भी मौके पर आ गई। पुलिस ने आक्रोशित मायके वालों को समझाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसओ गजेंद्र सिंह ने बताया कि रामूश्याम की तहरीर पर कैलाश, उसके भाई रोहिताश व उसकी पत्नी के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
फंदे पर झूल विवाहिता ने दी जान
पाकबड़ा। मायके आई महिला ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटककर जान दे दी। जब परिजन जब घर वापस आए तो शव लटका देख उनके होश उड़ गए। आनन-फानन में उसे नीचे उतारने के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती पूछताछ में मायके वाले फोन पर पति से झगड़ा होने की बात कह रहे हैं। घटना पाकबड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम पल्लूपुरा घोसी की है। यहां पर रहने वाली महिला गुलिस्ता का निकाह करीब डेढ़ साल पहले सम्भल जिले के ग्राम हाफिजपुर निवासी मशरूर के साथ हुआ था। मायके वालों की मानें तो निकाह के कुछ माह बाद पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर अनबन होने लगी। कुछ दिन पहले वह मायके आई थी। बताते हैं कि बुधवार को उसकी मां रिश्तेदारी में गई थीं। अन्य परिजन भी काम से गए हुए थे। बताते हैं कि दोपहर को गुलिस्ता ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। पुलिस द्वारा पूछने पर मायके वाले फांसी लगाने की वजह स्पष्ट नहीं कर पा रहे हैं। हालांकि उनका कहना था कि फोन पर किसी बात को लेकर उसका पति से झगड़ा हुआ था। थाना प्रभारी योगेंद्र कृष्ण यादव का कहना है कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
