मुरादाबाद अब मंडल के दो अन्य जिलों को भी देगा ऑक्सीजन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। ऑक्सीजन संकट की घड़ी में मुरादाबाद अन्य जिलों का भी सहारा बनेगा। संभल और अमरोहा को मुख्यालय से ऑक्सीजनपहुंचाई जाएगी। मंडल के इन दोनों ही जिलों में कोविड एलटू अस्पताल तैयार किए जा रहे हैं। मंडल का मुखिया होने का फर्ज निभाने जा रहे इस जिले में आक्सीजन की समस्या न हो, …

मुरादाबाद, अमृत विचार। ऑक्सीजन संकट की घड़ी में मुरादाबाद अन्य जिलों का भी सहारा बनेगा। संभल और अमरोहा को मुख्यालय से ऑक्सीजनपहुंचाई जाएगी। मंडल के इन दोनों ही जिलों में कोविड एलटू अस्पताल तैयार किए जा रहे हैं। मंडल का मुखिया होने का फर्ज निभाने जा रहे इस जिले में आक्सीजन की समस्या न हो, इसको लेकर अधिकारियों ने सख्त नियमों और उनके पालन को लेकर योजना बनानी शुरू कर दी है।

मंडल में पांच जनपद हैं। मुरादाबाद के अलावा रामपुर, अमरोहा, संभल और बिजनौर है। कोरोना काल में इन सभी जिलों के गंभीर मरीजों के लिए मुख्यालय में व्यवस्था की गई थी। इसके लिए कोविड एलथ्री के रूप में पहले से ही टीएमयू को तैयार किया गया था। पांचों जनपदों के गंभीर मरीजों को इस अस्पताल में भर्ती कराया जा रहा है। इसके साथ ही महिला अस्पताल मेटरनिटी विंग को एलटू के रूप में तैयार किया गया। यहां भी अन्य जनपदों के कुछ मरीज भर्ती किए जा रहे हैं। पर इस साल जिस तेजी के साथ संक्रमण ने लोगों को अपनी चपेट में लिया है, गंभीर मरीजों की भी संख्या में एक दम उछाल आ गया।

नतीजा यह हुआ कि मुख्यालय के कोविड अस्पतालों में बेड फुल हो गए। यहां तक की जो 11 अन्य निजी अस्पतालों को कोविड मरीज (निजी खर्च पर) भर्ती करने की अनुमति दी गई, वहां भी बेड का संकट शुरू हो गया। निजी खर्चे पर काफी संख्या में इन अस्पतालों में भी लोग पहुंच रहे हैं। स्थिति को जानते हुए स्वास्थ्य विभाग ने दो जिलों में एलटू अस्पताल को तैयार करते हुए मुख्यालय का भार कुछ कम करने का प्रयास किया है। पर उन अस्पतालों में आक्सीजन व्यवस्था की जिम्मेदारी मुरादाबाद की ही होगी।

मुख्यालय पर बोझ होगा कम
मंडल के दो जिलों में एलटू अस्पताल तैयार होने से मुख्यालय पर बोझ कम हो सकेगा। सांस के गंभीर मरीजों को उस एलटू अस्पताल में भर्ती किया जा सकेगा। वहां आक्सीजन और वेंटीलेटर की भी व्यवस्था होगी। उन जनपदों के मरीजों को भी भटकने की जरूरत नहीं पड़ेगी और मुरादाबाद के कोविड अस्पताल में भी अन्य मरीजों को चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।

उद्यमियों से होगी बात
सिलेंडर की संख्या बढ़ाने को लेकर प्रशासन और उद्यमियों के बीच वार्ता होगी। जिला औषधि अधिकारी पंकज जैन ने बताया कि आक्सीजन के लिए सिलेंडर का संकट कम किया जा सके, इसके लिए उद्यमी भी आगे आ सकते हैं। इस घड़ी में उनके सहयोग की अपील को लेकर वर्चुअली संवाद किया जाएगा।

हर अस्पताल की स्थिति हो रही रिकार्ड
जिले के सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में आक्सीजन की स्थिति को प्रतिदिन आन रिकार्ड किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग व औषधि विभाग प्रतिदिन की खपत का ब्यौरा तैयार करते हुए स्थिति का आंकलन कर रहे हैं। साथ ही आक्सीजन का संकट शुरू न हो, इसको लेकर योजना बना रहे हैं।

मुकेश जैन, नोडल अधिकारी, आक्सीजन व्यवस्था
संभल और अमरोहा में कोविड एलटू अस्पताल तैयार किए जा रहे हैं। वहां आक्सीजन मुरादाबाद से ही सप्लाई की जाएगी। आक्सीजन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। आपूर्ति भरपूर रखी जाएगी और सप्लाई में किसी भी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं रहेगी। हर दिन की रिपोर्ट और स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।

डा. मिलिंद चंद गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
जिन सरकारी व गैर सरकारी अस्पतालों में कोविड मरीज भर्ती हो रहे हैं। वहां आक्सीजन की स्थिति की प्रतिदिन जानकारी ली जा रही है। कहीं भी आक्सीजन का संकट नहीं होने दिया जा रहा है। हर जरूरतमंद मरीज को आक्सीजन मिल सके, इसका प्रयास किया जा रहा है।

संबंधित समाचार