बरेली शहर का बाजार सात दिन तक ‘लाक’
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की चपेट में कई व्यापारी आ चुके हैं। सरकार वीकेंड लॉकडाउन लगा रही है लेकिन इसके बावजूद भी बाजारों में भीड़-भाड़ कम नहीं हो रही है। यही वजह है कि उद्योग व्यापार मंडल ने 26 अप्रैल सोमवार से 30 अप्रैल शुक्रवार तक पांच दिनों बाजार बंदी का एलान किया है। …
बरेली, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण की चपेट में कई व्यापारी आ चुके हैं। सरकार वीकेंड लॉकडाउन लगा रही है लेकिन इसके बावजूद भी बाजारों में भीड़-भाड़ कम नहीं हो रही है। यही वजह है कि उद्योग व्यापार मंडल ने 26 अप्रैल सोमवार से 30 अप्रैल शुक्रवार तक पांच दिनों बाजार बंदी का एलान किया है।
शनिवार और रविवार को वीकेंड लाकडाउन है। ऐसे में सात दिन बरेली के सभी प्रमुख बाजार बंद रहेंगे। व्यापार मंडल ने सभी व्यापारियों से अपील की है बाजार बंदी में सहयोग कर वे कोरोना की चेन तोड़ने में मददगार बनें। सोशल मीडिया पर भी इसका प्रचार किया जा रहा है ताकि सूचना अधिक से अधिक व्यापारियों तक पहुंच सके।
उप्र उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के महानगर अध्यक्ष राजेंद्र गुप्ता ने बताया कि प्रदेश सरकार ने वीकेंड लाकडाउन की घोषणा की है, लेकिन बरेली के हालात बिगड़ते जा रहे हैं। बाजार में भीड़ उमड़ने से संक्रमण तेजी से फैल रहा है। कई व्यापारी कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से दम तोड़ चुके हैं। इसलिए कोरोना की रफ्तार कम करने को लॉकडाउन ही विकल्प रह गया है। जिसके चलते आज से पांच दिन बाजार बंद रखेंगे।
शोभित सक्सेना ने कहा व्यापार मंडल यह भी सुनिश्चित करेगा बाजार में जरूरी वस्तुओं की कालाबाजारी न हो। उद्योग व्यापार मंडल इसके लिए जो भी संभव होगा, वह करेगा। उन्होंने बताया कि बंदी में किराना समेत सभी थोक और रिटेल की दुकानें बंद रहेंगी। सिर्फ दवा कारोबार इस बंदी से बाहर रहेगा।
व्यापारियों के संक्रमित होने के बाद लिया फैसला
शहर के ज्यादातर व्यापारी पिछले हालातों का जिक्र करते हुए हर दिन पूरा बाजार खोलने की इजाजत दिए जाने की मांग करते रहे हैं। लेकिन कोरोना की दूसरी लहर में श्यामगंज, कुतुबखाना समेत कई प्रमुख बाजरों के दर्जनों व्यापारियों के कोरोना संक्रमित हो जाने की वजह से व्यापारी नेताओं में खौफ झलक रहा है। श्यामगंज बाजार के सबसे ज्यादा व्यापारी व उनके कर्मचारी संक्रमित बताए जाते हैं। क्योंकि यहा किराना का मुख्य बाजार है। सुबह से रात तक खरीदारों की भीड़ जुटी रहती है।
बाजार बंदी का इन्होंने भी किया समर्थन
कोरोना की दूसरी लहर में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। जिसके चलते श्यामगंज किराना कमेटी, स्टेशनरी मर्चेंट एसोसिएशन, सुभाषनगर व्यापार मंडल, सुभाष मार्केट एसोसिएशन, हार्डवेयर एसोसिएशन, पेंट डीलर एसोसिएशन, लोहा कमेटी, कपड़ा कमेटी समेत अन्य इकाइयां ने बाजार बंदी का समर्थन किया है।
पहले ले लिया था वापस फैसला
बाजार बंदी को लेकर व्यापारियों ने इससे पहले भी बुधवार और गुरुवार को दो दिन बंदी का फैसला लिया था, लेकिन कई व्यापारियों ने इसका विरोध किया था। सर्राफा बाजार भी तीन दिन के लिए बंद किया गया था लेकिन अधिकांश दुकानें खुली रहीं थीं। उसके बाद सरकार ने शुक्रवार और शनिवार को वीकेंड लाकडाउन की घोषणा कर दी थी। सरकार के इस फैसले के बाद व्यापारियों ने दो दिन की बंदी का फैसला वापस ले लिया था लेकिन एक बार फिर से हालात खराब होने पर अब पूरे सप्ताह की बंदी रहेगी।
